spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईगुलाबी ठंड का मजा ज्यादा दिन नहीं, दिन का तापमान 35 डिग्री...

गुलाबी ठंड का मजा ज्यादा दिन नहीं, दिन का तापमान 35 डिग्री तक जाने का अनुमान

मुंबई (सं. भा.)। सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में सुहाने मौसम का आनंद ले रहे मुंबईकरों को अब फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में आई गिरावट के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। हवा की दिशा बदलने से अगले कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हाल के दिनों में उत्तर-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मुंबई के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई थी। शुक्रवार की रात पारा गिरकर 16.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो नवंबर महीने में पिछले 15 वर्षों का सबसे कम तापमान बताया गया है। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बदलाव से मुंबईकरों को सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा था।
मौसम विशेषज्ञ अश्रेया शेट्टी के अनुसार, अब उत्तर-पूर्वी हवाओं की जगह दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। हवा की दिशा में इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ेगा। खासकर रात के तापमान में अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री तक पहुंचने के साथ दिन का पारा भी 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम में आई ठंडक के चलते बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने लगी थी, लेकिन तापमान में संभावित बढ़ोतरी से लोगों को फिर हल्के और गर्म मौसम का सामना करना पड़ेगा। फिलहाल मुंबईकरों को गुलाबी ठंड का आनंद ज्यादा दिनों तक मिलने की उम्मीद नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com