वसई (सं.भा.) :
शांत रिहायशी इलाकों में छुपे रहस्यों का कभी-कभी अचानक पर्दाफाश हो जाता है। कुछ ऐसा ही चौंकाने वाला मामला वसई के माणिकपुर इलाके से सामने आया है, जहां एक इमारत की मरम्मत के दौरान 30 वर्षों से बंद पड़ी पानी की टंकी से मानव कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।
यह मामला वसई (पश्चिम) के नौपाडा स्थित तीन मंजिला बारकुल्या चॉल का है। यहां बनी पानी की टंकी बीते करीब तीन दशकों से उपयोग में नहीं थी। हाल ही में इमारत के नवीनीकरण का कार्य शुरू हुआ, जिसके तहत मजदूरों ने पुरानी टंकी को तोड़ना शुरू किया। इसी दौरान टंकी के भीतर उन्हें एक मानव खोपड़ी और हड्डियां दिखाई दीं। भयावह दृश्य देख मजदूर घबरा गए और तुरंत काम रोक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही माणिकपुर पुलिस शनिवार रात मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में केवल कुछ हड्डियां और खोपड़ी बरामद हुई थी, लेकिन रविवार को पुलिस द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान और भी मानव अवशेष मिले। मौके से एक पैंट और शर्ट भी बरामद की गई है, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
मानव कंकाल मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हत्या, आत्महत्या या वर्षों पुराने किसी लापता व्यक्ति से जुड़े होने जैसे कई कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
घटनास्थल का निरीक्षण उपायुक्त सुहास बावचे, सहायक पुलिस आयुक्त समेत माणिकपुर पुलिस की टीम ने किया। साथ ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाकर सभी मानव अवशेषों को सावधानीपूर्वक एकत्र किया गया। पुलिस के अनुसार, कंकाल और अन्य सामग्री को प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जहां डीएनए और वैज्ञानिक जांच के जरिए मृत व्यक्ति की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत से जुड़ा है। फिलहाल माणिकपुर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।


