पालघर (सं.भा.) :
जिले में आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को नकल-मुक्त और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पालघर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने और विद्यार्थियों को पारदर्शी माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है। इसी को लेकर पालघर कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय विजिलेंस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला विजिलेंस कमेटी की अध्यक्ष डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने की। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि और विजिलेंस कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ठोस उपायों पर चर्चा की गई। प्रशासन ने संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। इसके तहत राजस्व विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों को तैनात किया जाएगा, जो बिना पूर्व सूचना के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. जाखड़ ने निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुपरविजन, सुरक्षा व्यवस्था और रिपोर्टिंग से संबंधित निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
वहीं, जिला परिषद के सीईओ मनोज रानडे ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सौंपे गए दायित्वों का पूरी ईमानदारी और गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकें।
नकल के खिलाफ प्रशासन अलर्ट पालघर में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा पर सख्ती
RELATED ARTICLES


