मुंबई (सं.भा.): महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी मोड़ देखने को मिला है। मुंबई बीएमसी समेत 29 नगर महापालिकाओं के चुनाव से पहले डिप्टी सीएम अजित पवार के “परिवार एक साथ” वाले ऐलान ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। अजित पवार गुट की एनसीपी और शरद पवार गुट की एनसीपी ने पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनाव में गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर दिया है।

अजित पवार ने तलवडे में आयोजित चुनावी सभा में स्पष्ट किया कि पिंपरी-चिंचवड़ में एनसीपी (घड़ी चुनाव चिन्ह) और एनसीपी (शरदचंद्र पवार – तुरही चुनाव चिन्ह) मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि “एक किसान परिवार एक साथ आ रहा है और यह फैसला महाराष्ट्र के बड़े हित में लिया गया है।” सीटों के बंटवारे पर जल्द सहमति बनने के संकेत भी दिए गए हैं।
इस राजनीतिक घटनाक्रम पर शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी को यह बताना चाहिए कि जिस शरद पवार के खिलाफ वह लड़ रही है, उसी के साथ अजित पवार गठबंधन कर रहे हैं। राउत ने कहा कि इस सवाल का जवाब अमित शाह और शरद पवार को देना होगा। गौरतलब है कि एनसीपी में टूट के बाद यह पहला मौका है जब अजित पवार और शरद पवार गुट किसी चुनाव में साथ उतरे हैं। पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम पर फिलहाल बीजेपी का कब्जा है, ऐसे में यहां मुकाबला एनसीपी (शरद-अजित) बनाम बीजेपी होने के आसार हैं। इस गठबंधन ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले राज्य की राजनीति को नई दिशा दे दी है।


