हैदर अली शेख पहली बार मैदान में
मुंबई (सं.भा.): मुंबई।महानगरपालिका चुनाव की घोषणा के साथ ही मालाड विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। गोरेगांव लिंक रोड से लेकर मढ, मालवणी और आसपास के तटीय व रिहायशी इलाकों तक फैला यह इलाका हमेशा से चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।
सोमवार को कांग्रेस ने मालाड विधानसभा के सात वार्डों से अपने उम्मीदवारों का नामांकन दाखिल कराया। नामांकन से पूर्व निकाली गई रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय मौजूदगी रही। कांग्रेस की ओर से वार्ड 34 से हैदर अली शेख, वार्ड 33 से क़मरजहाँ एम. सिद्दीकी, वार्ड 48 से रफीक शेख, वार्ड 47 से परमिंदर सिंह भामरा, वार्ड 35 से पराग शाह, वार्ड 49 से संगीता कोली और वार्ड 32 से सिरेना ज़िक्को किन्नी ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान मालाड के स्थानीय विधायक असलम शेख उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुंबई को कई बुनियादी और नागरिक मुद्दों पर त्वरित सुधार की जरूरत है, और जनहित के कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों की भूमिका निर्णायक होगी। वार्ड 34 से पहली बार चुनाव लड़ रहे हैदर अली शेख ने कहा कि वे युवा दृष्टिकोण के साथ स्थानीय समस्याओं, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, मालाड विधानसभा क्षेत्र में इस बार सभी प्रमुख दल पूरी सक्रियता के साथ मैदान में हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह अपने प्रत्याशियों के जरिए स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों को केंद्र में रखकर मतदाताओं से सीधा संवाद करेगी।


