spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईकचरे से गैस बनाने की दिशा में बड़ा कदम, 2029 तक तैयार...

कचरे से गैस बनाने की दिशा में बड़ा कदम, 2029 तक तैयार होगा बायो मीथनेशन प्लांट

मुंबई (सं.भा.): महानगर में कचरे के बढ़ते बोझ को कम करने और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने कचरे से गैस बनाने की महत्वाकांक्षी योजना को तेज करने का फैसला किया है। इस परियोजना के तहत देवनार डंपिंग ग्राउंड में बायो मीथनेशन प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिसे वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बीएमसी प्रशासन इस परियोजना को महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) के साथ मिलकर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत लागू कर रहा है। योजना के मुताबिक बीएमसी रोजाना करीब 1000 टन कचरा एमजीएल को उपलब्ध कराएगी, जिसे प्लांट में विशेष रासायनिक प्रक्रिया के जरिए बायो मिथेन गैस में परिवर्तित किया जाएगा।
इस संबंध में बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से इस परियोजना पर काम चल रहा है और इसे तेजी से आगे बढ़ाने के लिए आने वाले सप्ताह में अधिकारियों की बैठक भी बुलाई गई है। बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
परियोजना के लिए महाराष्ट्र सरकार ने देवनार डंपिंग ग्राउंड में करीब 8 हेक्टेयर जमीन चिन्हित करते हुए गवर्नमेंट रिजोल्यूशन (जीआर) भी जारी किया है। वहीं वर्ष 2025 में बायो माइनिंग का ठेका दिया जा चुका है और बीएमसी तथा एमजीएल के बीच इस परियोजना को लेकर औपचारिक करार भी किया गया है।
बीएमसी के कचरा व्यवस्थापन विभाग के अधिकारियों के अनुसार परियोजना से जुड़े जमीन के कुछ मामलों में कानूनी अड़चनें सामने आई हैं, जिन पर चर्चा के लिए अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। योजना के तहत कचरे को प्लांट तक पहुंचाने की जिम्मेदारी बीएमसी की होगी, जबकि एमजीएल कचरे को प्रोसेस कर गैस तैयार करेगा और उसे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के शुरू होने से एक ओर जहां शहर के कचरे के प्रबंधन में मदद मिलेगी, वहीं स्वच्छ ऊर्जा के नए स्रोत भी उपलब्ध हो सकेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com