जीवनभर समाज को दिशा देने वालों के लिए मिला संवाद और सुकून का ठिकाना
मुंबई(स भा): हमारे समाज की असली पूंजी वे बुजुर्ग हैं, जिन्होंने अपने अनुभव, परिश्रम और संस्कारों से पीढ़ियों को दिशा दी है। उम्र के इस सुनहरे पड़ाव पर जब वे अपनापन और सम्मान चाहते हैं, तब उन्हें सुकून और संवाद का एक ठिकाना मिलना अपने आप में समाज के परिपक्व होने की निशानी है।
मीरा-भाईंदर शहर के स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे कलादलान परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष ‘वरिष्ठ नागरिक केंद्र’ का शुभारंभ राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के हाथों किया गया।
इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
मंत्री सरनाईक ने उद्घाटन के अवसर पर कहा कि, “यह केंद्र उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित है जिन्होंने अपने अनुभव और परिश्रम से समाज और आने वाली पीढ़ियों को दिशा दी है। अब समय है कि उन्हें स्नेह, सम्मान और अपनापन देने का वातावरण मिले।”
नव स्थापित केंद्र में मनोरंजन, वाचनालय, योग, संगीत, संवाद सत्र, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे वरिष्ठजन अपने समय का सदुपयोग कर सकेंगे और एक-दूसरे के साथ जुड़ाव का अनुभव करेंगे।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के केंद्र शहर के सामाजिक ढांचे को मजबूत बनाते हैं और वरिष्ठ पीढ़ी के अनुभव को समाज से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर मंत्री सरनाईक ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में मीरा-भाईंदर महानगर क्षेत्र में और भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।


