spot_img
Homeफिल्मी खबरेंमैडॉक फिल्म्स में नई जोड़ी की एंट्री, वेदांग रैना के साथ डेब्यू...

मैडॉक फिल्म्स में नई जोड़ी की एंट्री, वेदांग रैना के साथ डेब्यू करेंगी नायोमिका सरन

मुंबई (सं.भा.): बॉलीवुड गलियारों में इन दिनों वेदांग रैना का नाम किसी रिलेशनशिप की वजह से नहीं, बल्कि एक बड़े फिल्मी ऐलान को लेकर चर्चा में है। हाल ही में मैडॉक फिल्म्स के ऑफिस के बाहर वेदांग को एक नई चेहरे के साथ देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर शुरू हो गया। हालांकि यह मुलाकात किसी निजी रिश्ते का नहीं, बल्कि सिल्वर स्क्रीन पर एक नई फ्रेश जोड़ी के जन्म का संकेत मानी जा रही है। दरअसल, वेदांग रैना को इंडस्ट्री में डेब्यू करने जा रहीं नायोमिका सरन के साथ मैडॉक फिल्म्स के ऑफिस के बाहर स्पॉट किया गया। दोनों हाथों में स्क्रिप्ट लिए नजर आए और बताया जा रहा है कि वे एक अहम स्क्रिप्ट रीडिंग सेशन के लिए प्रोड्यूसर दिनेश विजान के ऑफिस पहुंचे थे। जैसे ही दोनों ऑफिस से बाहर निकले, पैपराजी हरकत में आ गई। नायोमिका जहां तुरंत अपनी कार में बैठकर निकल गईं, वहीं वेदांग कुछ देर तक वहां रुके रहे, जिससे फिल्म को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

सूत्रों के मुताबिक, यह जोड़ी मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली एक अनटाइटल्ड रोमांटिक कॉमेडी में नजर आ सकती है। फिल्म को खास तौर पर Gen-Z ऑडियंस को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है, जिसमें मॉडर्न रिलेशनशिप्स और हल्के-फुल्के रोमांस का तड़का देखने को मिलेगा। माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट अब अपने फाइनल प्री-प्रोडक्शन स्टेज में पहुंच चुका है और 2026 के मध्य तक इसकी शूटिंग शुरू हो सकती है। इस फिल्म के जरिए नायोमिका सरन बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। नायोमिका मशहूर अभिनेत्री रिंकी खन्ना की बेटी और दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना व डिंपल कपाड़िया की नातिन हैं। हालांकि, मेकर्स उन्हें केवल फिल्मी बैकग्राउंड के सहारे लॉन्च नहीं करना चाहते। इसी वजह से नायोमिका पिछले एक साल से एक्टिंग और डांस की प्रोफेशनल ट्रेनिंग ले रही हैं। मैडॉक फिल्म्स की टीम इस बात पर अडिग थी कि जब तक वह पूरी तरह तैयार न हों, तब तक उनके डेब्यू का ऐलान नहीं किया जाएगा।

वेदांग रैना ने 2023 में रिलीज़ हुई फिल्म द आर्चीज से बॉलीवुड में एंट्री की थी और इसके बाद 2024 में आलिया भट्ट के साथ जिगरा में उनकी परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया। इसी के बाद वेदांग को इंडस्ट्री का उभरता हुआ लीडिंग मैन माना जाने लगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस रोमांटिक कॉमेडी का रोल पहले अगस्त्य नंदा को ऑफर किया गया था, लेकिन डेट्स की समस्या के चलते वेदांग को कास्ट किया गया। स्क्रीन टेस्ट के दौरान वेदांग और नायोमिका की केमिस्ट्री को काफी नैचुरल पाया गया, जिसके बाद दोनों के नाम पर मुहर लगी। फिलहाल वेदांग इम्तियाज अली के एक प्रोजेक्ट की शूटिंग में व्यस्त हैं और उसके पूरा होते ही वह इस नई रोमांटिक फिल्म पर काम शुरू करेंगे। वहीं दूसरी ओर, वेदांग और खुशी कपूर के कथित ब्रेकअप को लेकर भी चर्चा जारी है, हालांकि इस पर दोनों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com