मुंबई (सं.भा.): मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सफर करने वालों के लिए 26 जनवरी से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की बदलती पसंद और एसी लोकल की बढ़ती मांग को देखते हुए उपनगरीय सेवाओं में एसी ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत सामान्य लोकल ट्रेनों की कुछ सेवाओं को एसी लोकल में बदला जाएगा, जिससे रोजाना सफर करने वाले आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पश्चिम रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार एसी लोकल से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मौजूदा नॉन-एसी 12 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों के स्थान पर 12 अतिरिक्त एसी लोकल सेवाएं शुरू की जा रही हैं। ये सभी सेवाएं सप्ताह के सातों दिन चलाई जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक लोकल ट्रेनों की कुल संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पश्चिम रेलवे पर पहले की तरह कुल 1406 लोकल सेवाएं संचालित होती रहेंगी, लेकिन इनमें एसी लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 121 हो जाएगी। हालांकि, सामान्य लोकल की जगह एसी लोकल आने से गैर-एसी में सफर करने वाले यात्रियों को भीड़ और असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
नई एसी लोकल सेवाओं में से 6 ट्रेनें अप दिशा में और 6 ट्रेनें डाउन दिशा में चलाई जाएंगी। अप दिशा में विरार–चर्चगेट और गोरेगांव–चर्चगेट मार्ग पर दो-दो एसी लोकल सेवाएं होंगी, जबकि बोरीवली–चर्चगेट और भाईंदर–चर्चगेट के बीच एक-एक एसी लोकल चलाई जाएगी। वहीं डाउन दिशा में चर्चगेट–विरार और चर्चगेट–गोरेगांव के बीच दो-दो ट्रेनें, जबकि चर्चगेट–भाईंदर और चर्चगेट–बोरीवली के बीच एक-एक एसी लोकल सेवा उपलब्ध होगी।


