spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमहिलाओं की शिकायत पर सड़क पर उतरीं महापौर, पुलिस संग चलाया सख्त...

महिलाओं की शिकायत पर सड़क पर उतरीं महापौर, पुलिस संग चलाया सख्त अभियान

मुंबई, (सं. भा.) उपनगर घाटकोपर स्थित सुधा पार्क रोड पर अवैध पार्किंग, रिक्शाओं की आड़ में चल रही गैरकानूनी गतिविधियों, महिलाओं से छेड़छाड़ और नशे के कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुंबई की महापौर रितू तावडे ने सोमवार को खुद सड़क पर उतरकर बड़ा अभियान चलाया। महापौर की मौजूदगी में पुलिस ने अवैध रूप से खड़े वाहनों और रिक्शाओं पर कार्रवाई की, खुलेआम शराब पी रहे रिक्शाचालक को हिरासत में लिया गया, जबकि अमली पदार्थ बेचने वाली एक दुकान को भी हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
महापौर रितू तावडे ने सोमवार को घाटकोपर स्थित एन वार्ड कार्यालय में विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर बैठक की। इस दौरान सुधा पार्क इलाके के रहिवासियों ने सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहनों, फुटपाथों पर कब्जे, महिलाओं को होने वाली परेशानी, स्कूल और अस्पतालों के आसपास बिक रहे पान मसाला और नशीले पदार्थों तथा वाहनों की आड़ में चल रही गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायत की। नागरिकों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर बैठक खत्म होते ही अधिकारियों और पुलिस टीम के साथ सीधे सुधा पार्क रोड पहुंचीं और मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुष्प विहार मार्ग पर एक दुकान में नियमों का उल्लंघन सामने आया। दुकान को एसटीडी-पीसीओ और दिव्यांग आरक्षण के तहत लाइसेंस मिला था, लेकिन वहां से अमली पदार्थों की बिक्री किए जाने की जानकारी मिलने पर महापौर ने तत्काल दुकान हटाने के निर्देश दिए, जिसके बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई।
निरीक्षण के दौरान सड़क और फुटपाथ पर बड़ी संख्या में अवैध रूप से खड़े वाहन और रिक्शा मिले। इसी बीच एक रिक्शाचालक रिक्शा के भीतर खुलेआम शराब पीते हुए पाया गया। महापौर ने उसे मौके पर ही पुलिस के हवाले करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सभी अवैध रूप से खड़े वाहनों और रिक्शाओं पर दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा।
इसी दौरान शांतिपथ इलाके में पुलिस मैदान के सामने कबूतरों को दाना-पानी दिए जाने से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी सामने आया। महापौर ने संबंधित जगह को कबूतरमुक्त कर स्वच्छता और सौंदर्यीकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
महापौर रितू तावडे ने कहा कि करीब चार साल बाद नगरसेवकों का चुनाव हुआ है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ यातायात और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com