spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईस्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और गति पर जोर, सीएम फडणवीस ने अधिकारियों...

स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और गति पर जोर, सीएम फडणवीस ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुंबई, (सं. भा.): राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर, तेज और नागरिकों के लिए सुलभ बनाने को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा जोर दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर, क्रिटिकल केयर ब्लॉक और मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था दिखाई देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री वॉर रूम के तहत आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन, एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान और नए मेडिकल कॉलेजों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र सरकार से मिलने वाले फंड का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने और लंबित परियोजनाओं में विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों को लेकर लोगों में बनी “अस्वच्छ और खराब व्यवस्था” की धारणा बदलनी होगी। स्वास्थ्य सुविधाओं में स्वच्छता, गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र को लगभग 10 लाख लड़कियों के टीकाकरण का लक्ष्य मिला है। इसके लिए जिला स्तर पर जनजागरण अभियान चलाने और अभिभावकों की सहमति लेकर लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य में आयुष्मान आरोग्य मंदिर और मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। वहीं स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने बताया कि राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का बड़े स्तर पर उन्नतीकरण किया जा रहा है और कई केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com