मुंबई (सं. भा.) मुंबई की झोपड़पट्टियों में बढ़ते अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए मनपा प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का फैसला किया है। 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलने वाले अभियान में 14 फीट और उससे अधिक ऊंचाई वाली झोपड़ियों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। मनपा ने संबंधित रहिवासियों से अपील की है कि वे अपने स्तर पर अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मनपा के अनुसार मुंबई शहर और उपनगरों में कुल 2 लाख 23 हजार 150 झोपड़ियां हैं। इनमें 39 हजार 111 झोपड़ियां 14 फीट या उससे अधिक ऊंचाई की हैं। इनमें शहर की 3,348, पश्चिम उपनगर की 4,536 और पूर्व उपनगर की 31,227 झोपड़ियां शामिल हैं। इनमें से 4,584 झोपड़ियों पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी है, जबकि 611 को नोटिस जारी किए गए हैं। 24 अगस्त से 15 सितंबर के बीच विभिन्न वार्डों में 128 अवैध निर्माणों पर निष्कासन की कार्रवाई भी की गई।
मनपा दक्षता के सह आयुक्त देवेंदर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे के निर्देश और अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारियों की भी जवाबदेही तय हो परिवर्तन फाउंडेशन के अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन सवाल यह भी है कि जब 14 फीट से ऊपर अवैध निर्माण हो रहा था, तब बीएमसी के संबंधित अधिकारी क्या सो रहे थे? उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे निर्माण दोबारा न हों, इसके लिए जिस क्षेत्र में इस तरह का अवैध निर्माण पाया जाए, वहां के सहायक आयुक्त और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। लापरवाही साबित होने पर उन्हें तत्काल विभाग से निलंबित किया जाना चाहिए।


