spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईपांच साल के इंतजार के बाद जनता को मिली एलिवेटेड रोड की...

पांच साल के इंतजार के बाद जनता को मिली एलिवेटेड रोड की सौगात

भाईंदर (सं.भा.) लंबे इंतजार और विभिन्न विवादों के बाद मीरा-भाईंदर की तीसरी एलिवेटेड सड़क का उद्घाटन भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता के हाथों किया गया। मेट्रो लाइन-9 परियोजना के अंतर्गत एमएमआरडीए द्वारा निर्मित इस सड़क के शुरू होने से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि इसके डिजाइन को लेकर बहस अभी भी थमी नहीं है। एमएमआरडीए ने मेट्रो परियोजना के तहत शहर में तीन एलिवेटेड सड़कों का निर्माण किया है। इनमें से दो सड़कें पहले ही शुरू हो चुकी थीं, जबकि तीसरी सड़क पिछले कई वर्षों से लागत, डिजाइन और अतिक्रमण जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा में रही। करीब पांच साल बाद अब इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है। करीब 1.3 किलोमीटर लंबी चार लेन की यह एलिवेटेड सड़क समाप्त होते ही दो लेन में बदल जाती है। इसी वजह से विपक्ष और कुछ यातायात विशेषज्ञ इसे ‘बॉटल नेक’ बताते रहे हैं। उनका मानना है कि सड़क के दोनों सिरों पर पर्याप्त चौड़ीकरण नहीं होने से व्यस्त समय में ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है। उद्घाटन के बाद विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा कि यह सड़क शहर के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी और लोगों को सिग्नल-फ्री यात्रा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं और अब सड़क के उपयोग के बाद जनता स्वयं इसकी उपयोगिता का आकलन करेगी।
वहीं कांग्रेस नेता जय ठाकुर सहित विपक्षी नेताओं ने परियोजना के डिजाइन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क से उतरते ही वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण जाम की स्थिति बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से यातायात प्रबंधन मजबूत करने और सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता केतन बारिया और यातायात विशेषज्ञों का कहना है कि इस सड़क की वास्तविक परीक्षा मानसून और पीक आवर्स के दौरान होगी। फिलहाल लंबे इंतजार के बाद शहर को यह महत्वपूर्ण परियोजना मिल गई है, लेकिन इसके सफल संचालन और ट्रैफिक पर प्रभाव को लेकर सभी की निगाहें आने वाले दिनों पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com