spot_img
Homeआर्टिकलआमची मुंबई-2: मायानगरी पर गहन शोध का अप्रतिम उदाहरण

आमची मुंबई-2: मायानगरी पर गहन शोध का अप्रतिम उदाहरण

लेखक राजेश विक्रांत की नई पुस्तक “आमची मुंबई-2′ मायानगरी मुंबई पर गहन शोध का एक अप्रतिम उदाहरण है। आमची मुंबई-2 पुस्तक मुझे जब मिली तो हमने उसको पढ़ना शुरू किया तो जब तक पुस्तक पूरी नहीं हुई मैं रुकी नहीं। पढ़ने के बाद मालूम चला कि ये बेहद दिलचस्प व बेमिसाल पुस्तक है जिसमें मुंबई शहर के इतिहास, कला, धरोहर, संस्कृति, साहित्य आदि बहुत सी ऐतिहासिक चीजों के जानकारी आपको इस पुस्तक से मिलेगी। हम लोग मुंबई शहर को मायानगरी या बॉलीवुड या देश की वाणिज्यिक राजधानी के नाम से भी जानते हैं। तो इसमें मायानगरी के बारे में वो सारी दिलचस्प चीजें व तथ्य समाहित हैं जिन्हें आम पाठक जानना चाहता है।

आमची मुंबई-2 के लेखों के कुछ उदाहरण देखिए- मुंबई न तो पुर्तगीजों ने बसाई, न ही ब्रिटिशों ने, बल्कि राजा प्रताप बिंब ने बसाई। वही मुंबई का पहला राजा था। उसने सबसे पहले आज के पालघर जिले में स्थित केलवे- माहिम ( महिकावती) को अपनी राजधानी बनाई, लोगों को बुलाकर बसाया और इस उजाड़ इलाके का रूपांतरण कर दिया। उसने ग्राम- संस्था, व्यापार- धंधे के लिए नीतियां बनाई, मुंबई में पहला किला- केलवे-माहिम में बनवाया। कुछ साल बाद जब उसके हाथ से केलवे-माहिम निकल गया तो उसने अपनी राजधानी के लिए मुंबई- माहिम को चुना, इस इलाके को भी उसने माहिम ( महिकावती) का नाम दिया तथा यहां भी एक किला बनवाया।

मुंबई यानी बॉम्बे का नामकरण जिस ‘बोम बहिया’ शब्द से हुआ वह हिंदी, मराठी या अंग्रेजी जुबान का नहीं बल्कि पुर्तगीज भाषा का है। बोम का मतलब अच्छा तथा बहिया का मतलब बंदर यानी बंदरगाह होता है। आज से लगभग 450-500 साल पहले मुंबई में यूरोपियन तर्ज का एक शहर था जिसमें अधिकारी- सैनिकों के घर थे, चर्च थे, अस्पताल, बाजार, न्यायालय, जेल, नगरपालिका, कॉलेज, कुएं, सड़क, होटल्स, सीवरेज व्यवस्था आदि थी। वसई में किले के अंदर ये शहर था। इसे पुर्तगीजों ने बसाया था। पुर्तगीजों के भारत आने की अत्यंत रोमांचक व दिलचस्प कहानी पुस्तक में है। जिसे हम आज एलिफैंटा कहते हैं, वह वास्तव में घारापुरी यानी अग्रहारपुरी था। हाथी की एक पत्थर की मूर्ति की वजह से पुर्तगाली लोग घारापुरी को एलीफैंटा कहने लगे थे।

मुंबई के सबसे पहले निवासी कोली यानी मछुआरे हैं तथा यहां के ईस्ट इंडियन लोगों को संस्कृति का रक्षक कहा जाता है। मुंबई में भी एक ताजमहल और एक आंबेवाड़ी भी है, जहां के आम मुगल बादशाह औरंगजेब के लिए जाते थे? इसी इलाके ने मुंबई को आइसक्रीम का तोहफा दिया। यह इलाका मत्स्यग्राम, मच्छाग्राम, माजगांव, मज-ए-गोन, मजगोन होता हुआ आज मझगांव के नाम से फेमस है। भारत में व्यापार के लिए आई ईस्ट इंडिया कंपनी का शुरुआती नाम “द कंपनी ऑफ मर्चेंट एडवेंचरस टू द ईस्ट इंडीज” था। इसकी स्थापना एक ट्रेडिंग कारपोरेशन के रूप में साल 1599 में की गई थी। साल 1600 में महारानी एलिजाबेथ ने इसे चार्टर दिया था। मुंबई के पूर्व गवर्नर सर जान चाइल्ड ( मुगल युद्ध के दौरान 1690 में मृत) के नाम पर इसे कुछ समय तक “द ऑनरेबल जान कंपनी” भी कहा जाता था। पारसी शिपबिल्डर्स ही मुंबई के असली शिल्पकार थे यानी मुंबई को बनाने वाले।

मुंबई में बने एक जहाज एचएमएस मिन्डेन पर फ्रांसिस स्कॉट की द्वारा रचित एक कविता “डिफेंस ऑफ फोर्ट मैकहेनरी” जो “द स्टार-स्पैंगल्ड बैनर ” नामक अमेरिका का राष्ट्रगीत बन गई।
आज की भारत की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई शुरुआती विक्टोरियन युग में एक प्रकार से “अफीम सिटी” बन गई थी। यहां से अफीम का खूब व्यापार होता था, इस व्यापार में पारसी समुदाय सबसे आगे था और इसके बेताज बादशाह थे सर जमशेदतजी जीजीभाय। छत्रपति शिवाजी महाराज के शासनकाल में मुंबई की दशा और दिशा। जिससे नाम पड़ा मस्जिद बंदर, वो मस्जिद नहीं साइनागॉग है। इस तरह के बहुत सारे रोचक लेख इस पुस्तक में पढ़ने को मिलेंगे, जिससे मुंबई पर आपकी जानकारी बढ़ेगी।

इस किताब में आपको कई सारे लेख, कहानी व प्रसंग जो मुंबई शहर से जुड़े हुए हैं, सब जानकारी पढ़ने को मिलेगी। जैसे की डॉ भाऊ दाजी लाड म्यूजियम, टाटा परिवार, फ्लोरा फाउंटेन, मुंबई पुलिस के “आर्थर कानन डॉयल” एवं “शर्लक होम्स”, एक मुंबईकर ने उड़ाया था दुनिया का पहला विमान, ताज होटल, ओपेरा हाउस, मरीन ड्राइव, महात्मा गांधी और मुंबई, स्पेनिश लेडी, स्पेनिश फ्लू, मुंबई फ्लू या मुंबई फीवर, रेडियो, आरे कॉलोनी, मुख्यमंत्री आवास “वर्षा”, कपड़ा मिलों, चॉल व सात बंगला की कहानी के साथ “साहित्य और मुंबई सीरीज” के 14 विशेष लेख भी पुस्तक की खासियत है।

आमची मुंबई-2 किताब बहुत दिलचस्प और पढ़ने लायक है। इसमें 424 पेज हैं। इसकी कीमत 750 रुपए है। भारत पब्लिकेशन, मुंबई इसके प्रकाशक हैं। यह पुस्तक अमेजॉन पर मिल जाएगी। जरूर सब लोग इस पुस्तक को पढ़ें।

हेमलता त्रिपाठी

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com