बीजेपी ने सौंपी नई जिम्मेदारी
मुंबई (स भा):बीजेपी ने मुंबई संगठन की कमान अंधेरी वेस्ट से तीसरी बार विधायक बने अमित साटम को सौंपी है। उनकी ताजपोशी ऐसे समय में हुई है जब इस साल के आखिर में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव होने हैं। पार्टी के सामने मुंबई में अपने प्रदर्शन को दोहराने और बीएमसी में सत्ता बनाए रखने की चुनौती है।
मुंबई की अंधेरी वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक बनें अमित साटम को मुंबई बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके सामने बीएमसी चुनाव में बीजेपी के प्रदर्शन को बरकरार रखना मुख्य चुनौती है।
मुंबई बीजेपी के नए अध्यक्ष बने अमीत साटम
महाराष्ट्र में तीन बार के विधायक अमित साटम को भारतीय जनता पार्टी की मुंबई इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह नियुक्ति इस साल के आखिर में होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव से पहले हुई है। फडणवीस ने उम्मीद जताई कि साटम के नेतृत्व में बीजेपी बीएमसी में फिर से सत्ता हासिल करेगी। 49 वर्षीय साटम लगातार तीन बार से मुंबई के अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
आशीष शेलार की जगह मिली जिम्मेदारी
मुंबई स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में फडणवीस ने पत्रकारों से कहा कि पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी ने मुंबई इकाई के अध्यक्ष रहे आशीष शेलार के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण जीत दर्ज की और मुंबई में अपना दबदबा कायम किया। उन्होंने कहा, शेलार द्वारा मेरी कैबिनेट में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद मुंबई इकाई के लिए एक नया अध्यक्ष नियुक्त करना आवश्यक था। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में राज्य स्तर पर चर्चा के बाद अमित साटम को इस पद के लिए चुना गया है।
कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं साटम
मुख्यमंत्री ने कहा कि साटम लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हैं और उन्होंने वर्षों तक कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। वरिष्ठ बीजेपी नेता ने कहा, ‘साटम एक अनुभवी और दृढ़ निश्चयी विधायक के रूप में जाने जाते हैं। साटम मुंबई के ज्वलंत मुद्दों से परिचित हैं और उन्होंने उनसे निपटने के लिए आवश्यक कौशल का प्रदर्शन किया है।’


