पुस्तक समीक्षा
7 द्वीपों वाली मुंबई की असल कहानी को शब्दों में ढालने वाली 424 पृष्ठों वाली लाजवाब पुस्तक आमची मुंबई – 2 भारत पब्लिकेशन, मुंबई द्वारा वर्ष 2025 में प्रकाशित हुई है। जिसमें कुल 75 अध्याय हैं। मुखपृष्ठ की साज सज्जा भालचंद्र मेहेर ने की है। अक्षर संयोजन हेमलता त्रिपाठी ने किया है। वितरक आर के पब्लिकेशन, मुंबई हैं, जिसका मूल्य 750/- रूपये मात्र है। मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने इस पुस्तक की भूमिका लिखकर सही मायने में इसकी पृष्ठभूमिक को कम शब्दों में उभारा है। कमर जबीं ने प्रकाशकीय लिखा है। वास्तविकता को यह है कि यह कृति मुंबई को जानने, समझने और अपने हृदय में उतारने की यह ऐतिहासिक दस्तावेज है।
साँसें जितनी मौजें उतनी सब की अपनी-अपनी गिनती।
सदियों का इतिहास समुंदर, जितना तेरा उतना मेरा।
निदा फ़ाज़ली की इन पंक्तियों को जीने वाले राजेश विक्रांत मूल रूप से व्यंग्यकार, पत्रकार और अनुवादक हैं। हालांकि वे साहित्य की अन्य विधाओं के भी सिद्धहस्त रचनाकार हैं। कभी-कभी वे व्यंग्यात्मक शब्दों में यह जरूर कह देते हैं कि आज तक कवि होने का आरोप मेरे ऊपर नहीं लग पाया। खैर, उनकी बात यह बहुत यथार्थ भी है। उनका मानना है कि जीवन में वही काम करो, जिसके लिए तुम बनकर आए हो। अमेठी के एक छोटे से गांव जंगल राम नगर से अपनी यात्रा प्रारम्भ करने वाले विक्रांत जी के पास सम्बन्धों का एक बड़ा संसार है। पहली मुलाकात में ही किसी को अपना बना लेनी की कला कोई उनसे सीखे। सबसे विशेष बात तो यह है कि उन्होंने हजारों युवाओं को साहित्य की तरह मोड़कर एक अच्छा रचनाकार बनाया और शुपथ पर आगे बढ़ाया है।
गुलजार लिखते हैं कि
वो सफर बचपन के अब तक याद आते हैं मुझे।
सुबह जाना हो कहीं तो रात भर सोते नहीं थे।।
इसका संदर्भ मैं इसलिए यहां दे रहा हूं कि विक्रांत जी की अत्यंत यथार्थपरक दृष्टि है। अगर मुंबई ने राजेश मिश्र को विक्रांत बनाकर उनके साहित्यिक आलोक को चतुर्दिक बिखेरा है तो उसका श्रेय वे स्वयं भी माया नगरी मुंबई को ही देते हैं। ऐसे में यह हो ही नहीं सकता था कि विक्रांत जैसा कर्मभूमि से प्रेम रखने वाला व्यक्ति अपने नैतिक कर्ज को न चुकाए। खैर, वे अत्यंत ही श्रद्धानवत होकर आमची मुंबई 1 और 2 लिखकर अपने इस कर्ज को कहीं न कहीं उतारा है। यह न केवल उनका एक कर्ज है अपितु उन्होंने ऐसा दीपक जलाया है, जिससे आने वाली पीढ़ियां स्वतः आलोकित होती रहेंगी। अपने लेखकीय में वे कहते हैं कि “आमची मुंबई -2 सिर्फ एक पुस्तक ही नहीं बल्कि मुंबई के प्रति मेरी भावना है। यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है। मैं 2020 से इस कार्य को कर रहा हूं। मेरा सपना जाकर आज पूरा हुआ है। मैं कोई विद्वान नहीं हूं। इतिहासकार भी नहीं हूं। बस मुंबई से प्यार करता हूं। इसी प्यार का परिणाम आमची मुंबई – 2 है।”
वे सात द्वीप आज हम जिन्हें मुंबई कहते हैं, मुंबई के मूल निवासी कोली समाज, नामकरण की कहानी, एक छोटा मोटा किला था वसई का किला, ऐतिहासिक धरोहर है बांद्रा फोर्ट, पुर्तगीजों का आगमन, आधुनिक मुंबई के शिल्पकार, ईष्ट इंडियन समुदाय संस्कृति के पहरी, छत्रपति शिवाजी महाराज के शासनकाल में मुंबई, किगविन विद्रोह, एक समय अफीम सिटी थी मुंबई, मुंबई का पहला दंगा, भारत का रतन है टाटा परिवार, मुंबई मेरी जान, मुंबई की शान ओपेरा हाउस, महात्मा गांधी और मुंबई, आजादी की मुंबईकर मसालें 1 और 2, चांद और मुंबई, मैं सात बंगला बोल रहा हूं, मर्डर मिस्ट्रीज, क्राइम स्टोरीज में मुंबई जैसे इस पुस्तक के अनेक लेख मुंबई की आबो-हवा और इतिहास को बड़ी तल्लीनता से बताने में पूर्ण समर्थ हैं। अब आप समझ ही चुके होंगे कि विक्रांत जी का मुंबई अनुराग कितना प्रबल और निर्मल है।
महात्मा गांधी और मुंबई लेख में वे लिखते हैं कि “गांधी का मुंबई से बेहद करीबी और आत्मीय रिश्ता रहा। उन्होंने स्वीकार किया है कि मुंबई ने मुझे कभी निराश नहीं किया। यह शहर उनके निजी तथा राजनीतिक जीवन के अनुभव की प्रयोगशाला के रूप में रहा।” भारत का रतन है टाटा परिवार लेख में विक्रांत जी लिखते हैं कि “जमशेदजी के सबसे छोटे पुत्र रतन जी टटा ने 1909 में महात्मा गांधी की आर्थिक सहायता कर उनका हौसला बढ़ाया था। उन्हें जैसे यह खबर मिली कि हजारों मील दूर दक्षिण अफ्रीका में एक बेटे मोहनदास करमचंद गांधी ने नक्सलवाद के खिलाफ आंदोलन छोड़ दिया है। तुरंत रतन टाटा ने 25 हजार की मदद उन्हें भेज दी।”
मिट्टी में मिला दे कि जुदा हो नहीं सकता।
अब इससे ज्यादा मैं तेरा हो नहीं सकता।।
मुन्नवर राणा की इन्हीं पंक्तियों की तरह राजेश विक्रांत भी मुंबई को अपने साथ जुड़ा पाते हैं। यह बिल्कुल यथार्थ है कि विक्रांत जी अपने समय के इतिहास को पन्नों पर दर्ज करने वाले ऐसे साहित्यकार हैं, जो सिर्फ साहित्य रचते ही नहीं, बल्कि उसको पहले जीते हैं और फिर लिखते हैं। अभिव्यक्ति का तरीका बेहद सरल और रोचक है। उनके लेखन में नवीनता और मौलिकता की स्पष्ट झलक देखने को मिलती है। भाषा शैली बोधगम्य है। किसी भी इतिहास को शब्दों में पिरोकर उसको गढ़ने की उनके पास अदभुत कला है। वे एक बार जो ठान लेते हैं, उसको करके ही मानते हैं। उसी की परिणति है यह कृति। कुल मिलाकर विक्रांत जी अपने समय के एक ऐसे विशिष्ट रचनाकार हैं, जिनका स्मरण और मूल्यांकन भविष्य में अनवरत होता ही रहेगा। इनके साहित्य की लोकप्रियता सदैव बहुगुणित होती रहेगी और उनका कीर्ति पताका सदैव फहराता रहेगा।

डॉ. शिवम् तिवारी


