spot_img
Homeमुंबईमीरा रोड में महामंडलेश्वर श्री गिरधर महाराज की कथा में अर्धनारीश्वर भी...

मीरा रोड में महामंडलेश्वर श्री गिरधर महाराज की कथा में अर्धनारीश्वर भी हो रहे शामिल

मुंबई (सं. भा.) । पश्चिमी उपनगर की धर्म नगरी मीरा रोड में वृंदावन से पधारे श्रीश्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर श्री गिरधरजी महाराज की श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रोताओं की भीड़ उमड़ रही है। भागवत प्रेमी महाराज के मुखारविंद से कथा का रसपान कर रहे हैं। रविवार 12 मार्च से प्रतिदिन शाम 6.30 से 9.30 बजे तक चलने वाली श्रीमद भागवत कथा आगामी 18 मार्च तक चलेगी। रविवार 19 मार्च को हवन, पूर्णाहुति एवं भंडारा (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया है। श्री महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत कथा में शनिवार 18 मार्च को शाम चार बजे से संगीतमय श्री सुंदर कांड का पाठ डॉ. चंद्रेश घनश्याम जोशी और उनकी टीम द्वारा किया जाएगा।


संस्था की कार्यकारिणी समिति के सदस्यों रेखा त्रिपाठी, राकेश दुबे, संदीप झा, मानिकचंद गुप्ता और विनोद सिंह के अनुसार विश्व कल्याण और मानव कल्याण हेतु आयोजित इस भागवत कथा में पहली बार अर्धनारीश्वर (किन्नर) महामंडलेश्वर हिमांगी सखी और माया जाफर (हॉलीवुड कलाकार, होलिस्टिक डॉक्टर और अमेरिकी नागरिक) समेत मुंबई के तमाम अर्धनारीश्वर शिरकत कर रहे हैं। वे अपनी – अपनी कला की प्रस्तुति भी दे रहे हैं। जिसे देखने के लिए मीरा रोड और भायंदर के अलावा मुंबई और ठाणे के अन्य भाग से लोग खिंचे चले आ रहे हैं। श्रीमद भागवत कथा के सफल आयोजन के लिए अखिलेश तिवारी, प्रतिमा पांडेय, ओमप्रकाश दुबे, विद्रोही महाराज, रवि साहनी, दीपक वालिया, सूरज भान, श्यामकुमार गुप्ता, गौरव वेदक, शिवकुमार गुप्ता, अनामिका सिंह, कल्पना शिर्के का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com