- मुख्यमंत्री के आदेशों का, यहां नहीं है कोई खौफ.?
मुंबई (सं. भा.) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने आदेश दे रखा है कि जिस भी पुलिस स्टेशन की हद में अनैतिक कार्य पकड़ा जाएगा, वहां के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कठोर कार्यवाही होगी. खैर..इस आदेश का मालाड पुलिस स्टेशन के जिम्मेदार खाकी वर्दी वालों पर कोई असर नहीं है या यूं कहिए कार्यवाही वाले आदेश का कोई खौफ नहीं है. जिन्हें यकीन ना हो, वो मालाड के ‘अरूणा बार’ पर फिदा स्थानीय पुलिस की भूमिका कभी भी देर रात जाकर देख सकते हैं। 
गौरतलब है कि मालाड (पश्चिम) के बॉम्बे टॉकीज में चलने वाले अरुणा डांस बार में विगत दिनों क्राइम ब्रांच ने छापा मारा था. उक्त छापेमारी के दौरान एक दर्जन से अधिक बारबाला बरामद हुई थी. ऐसा कई बीयरबार मालिक अनौपचारिक तौर पर दावा करते हैं. फिलहाल मालाड पुलिस स्टेशन में बैठे जिम्मेदार खाकी वर्दी वालों की भूमिका ‘अरूणा बार’ में देर रात लग रहे ठूमके से खुद ब खुद चर्चा में है. स्थानीय समाजसेवी एडोकेट राजेश कुमार कहते हैं कि विगत् दिनों पूर्व हुई छापेमारी के बाद अंदरखाने में पता नहीं क्या डील हुई क्योंकि अब उसी ‘अरुणा डांस बार’ में ग्राहकों को अश्लील डांस से लुभाने वाली डांसरों की संख्या बढ़कर दो दर्जन के करीब पहुंच गई है. सबसे मजे की बात यह है कि जब-जब इस डांस बार में कार्यवाही होती है, तब-तब यहां के संचालक-मैनेजर बदल जाते हैं या यूं कहिए कि परदे के पीछे चले जाते हैं लेकिन देर रात तक सजने वाली ठूमकों की महफिल हमेशा जोरदार अंदाज में सजी रहती है. फिलहाल एक स्थानीय भाजपा नेता द्वारा आंतरिक रूप से मुख्यमंत्री को पत्र भेज जाने की खबर है, जिसमें स्थानीय पुलिस की भूमिका बताते हुए जांच करवाकर कठोर कार्यवाही की मांग की गई है।


