मुंबई, (सं.भा.)। महाराष्ट्र में खुले दूध की बिक्री पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा तत्काल प्रभाव से लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ छोटे दूध व्यवसायियों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। हजारों परिवारों की आजीविका पर संकट का हवाला देते हुए बड़ी संख्या में दूध व्यवसायियों ने एफडीए कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शिवसेना नेता एवं पूर्व सांसद संजय निरुपम भी शामिल हुए। उन्होंने एफडीए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि छोटे कारोबारियों को नए नियमों के अनुरूप अपनी व्यवस्था तैयार करने के लिए कम से कम छह महीने की मोहलत दी जाए। दूध व्यवसायियों का कहना है कि खुले दूध की बिक्री से जुड़े हजारों छोटे कारोबारी वर्षों से टैंकरों और पारंपरिक व्यवस्था के माध्यम से अपना व्यवसाय चला रहे हैं। ऐसे में अचानक प्रतिबंध लागू होने से उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि पैक्ड दूध की व्यवस्था अपनाने के लिए लाइसेंस, पंजीकरण, पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों और अन्य कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करना आवश्यक है, जिसे तत्काल पूरा करना संभव नहीं है। संजय निरुपम ने एफडीए अधिकारियों से कहा कि सरकार को छोटे दूध व्यवसायियों की आर्थिक स्थिति और व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नए नियम लागू करने से पहले कम से कम छह महीने का समय दिया जाए, ताकि छोटे कारोबारी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर अपने व्यवसाय को नई व्यवस्था के अनुरूप ढाल सकें। प्रदर्शन में शामिल व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि इस फैसले से बड़ी डेयरी कंपनियों को लाभ मिलेगा, जबकि वर्षों से खुले दूध का कारोबार करने वाले छोटे व्यवसायियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
खुले दूध की बिक्री पर रोक से मचा हंगामा, छोटे कारोबारियों ने उठाई आवाज
RELATED ARTICLES


