
नन्दिनी रस्तोगी ‘नेहा’
मेरठ
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना हिंदू समाज को आहत और साथ ही इस मंदिर के ट्रस्ट के प्रति लोगों के भरोसे को चोट पहुंचाने वाली है। फिलहाल कितनी राशि की चोरी की गई और वह कब से जारी थी,यह शर्मनाक है कि दान राशि उन्हीं लोगों ने हड़पी, जिन पर उसकी देख-रेख की जिम्मेदारी थी। अभी तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर विशेष जांच दल गठित किया गया है। मामले की गंभीरता देखते हुए एसआइटी की समय सीमा बढ़ा दी गई है।चूंकि राम मंदिर सदियों की प्रतीक्षा और संघर्ष के बाद बना, इसलिए उसके उद्घाटन के बाद से ही देश-विदेश के लोग अयोध्या आ रहे थे और हर महीने करोड़ों की दान राशि आ रही थी। इस दान राशि के उपयोग का अधिकार ट्रस्ट के पास है। दान राशि के उपयोग में सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं, लेकिन यह सुनिश्चित होना चाहिए कि ट्रस्ट उसका उपयोग सही तरह से करे। जैसे राम मंदिर के लिए एक ट्रस्ट बना है, वैसे ही अन्य प्रमुख मंदिरों के लिए भी है। कुछ मंदिरों में भक्त करोड़ों का दान देते हैं। जहां कुछ मंदिरों के ट्रस्ट में सरकारी अधिकारी भी शामिल होते हैं, । ऐसे मंदिरों को मिलने वाले चढ़ावे की राशि का उपयोग सरकारें अपने हिसाब से करती हैं। इसे लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं कि क्या मंदिरों का चढ़ावा हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार और हिंदू समाज के कल्याण के लिए होता है? ऐसे सवाल इसलिए उठते रहे हैं, क्योंकि कई मंदिरों की दान राशि का इस्तेमाल हिंदू धर्म के कल्याण से इतर कार्यों में भी किए जाने की खबरें आती रही हैं।छोटे मंदिर हैं, उनके चढ़ावे की राशि पुजारियों, सेवादारों के गुजारे के साथ मंदिर के रखरखाव, भंडारे आदि के आयोजन में खर्च हो जाती है।

क्या इस सबसे हिंदू धर्म के प्रचार के उद्देश्य की पूर्ति हो जाती है? कुछ बड़े मंदिरों के ट्रस्ट शिक्षा संस्थान, अस्पताल, धर्मशालाएं आदि चलाते हैं, लेकिन सटीक आंकड़ा शायद ही किसी के पास हो कि देश के प्रमुख मंदिरों को प्रतिवर्ष कितना चढ़ावा मिलता है और उसका उपयोग किन कार्यों में किया जाता है? इसका कारण यह है कि इसकी कोई सुनिश्चित व्यवस्था नहीं कि चढ़ावे की राशि किन कार्यों में खर्च की जाएगी और किनमें नहीं? निःसंदेह मंदिरों को मिलने वाली राशि हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार और कल्याण में ही खर्च होनी चाहिए, हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार का काम तरीके से किस प्रकार किया जाए? क्या संस्कृत विद्यालयों का संचालन करने मात्र से हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार का उद्देश्य पूरा हो जाता है। प्रश्न यह भी है कि क्या हिंदू धर्म का प्रचार केवल हिंदुओं के बीच होना चाहिए? विडंबना यह है कि इसे लेकर हिंदू धर्माचार्यों और मंदिर ट्रस्ट का संचालन करने वालों में कोई सहमति नहीं है। हिंदू धर्म किसी एक ग्रंथ या देव के दर्शन पर आधारित नहीं है। हिंदुओं को स्वतंत्रता है कि वे किसी भी इष्ट की पूजा-अर्चना करें। हिंदू धर्म के अनुयायियों के रीति-रिवाज भी अलग-अलग हैं और वे सब अपनी आस्था के अनुसार उनका पालन करने के लिए स्वतंत्र है। कोई कर्मकांडों को महत्व देता है तो कोई उनकी आवश्यकता नहीं समझता। कुछ पंथों के अनुयाई अपने धार्मिक स्थलों का संचालन अपने हिसाब से करते हैं और उसमें सरकार का कोई दखल नहीं रहता। हिंदू संगठन लगातार यह मांग करते चले आ रहे हैं कि मंदिरों का संचालन हिंदू समाज को सौंपा जाए, लेकिन इस मांग पर बल देने के साथ ही यह भी आवश्यक है कि मंदिरों के संचालन की कोई ठोस संहिता बने। यह भी तय हो कि मंदिरों को मिलने वाली चढ़ावे की राशि का उपयोग किस तरह होगा? इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती कि देश में कई ऐसे मंदिर हैं, जिनमें अच्छा-खासा चढ़ावा आता है, लेकिन यह पता नहीं चलता कि उनका खर्च किन कार्यों में किया जाता है? ट्रस्ट संचालित मंदिर भी चढ़ावे की राशि का उपयोग अपने हिसाब से करते हैं। जब भी कोई भक्त मंदिर जाता है तो चढ़ावा देते समय उसके दिमाग में यह नहीं रहता कि उसका क्या उपयोग होगा? समय आ गया है कि इसकी कोई ठोस रूपरेखा बने कि मंदिरों के पुजारी या ट्रस्टी चढ़ावे की राशि का उपयोग हिंदू धर्म का समुचित ढंग से प्रचार करने और हिंदू समाज के कल्याण में ही खर्च करें। जब तक ऐसा नहीं होगा, चढ़ावे के उपयोग को लेकर सवाल उठते रहेंगे।


