- खिलाड़ी की हुई मौत
मीरारोड (सं. भा.) क्रिकेट मैच खेलने के दौरान बैटिंग करते समय एक बैट्समैन की अचानक मौत हो जाने से खेल रहे खिलाड़ियों में हड़कंप मच गया। खिलाड़ी की मृत्यु हार्ट अटैक आने की वजह से होने की बात कही गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काशीमीरा के मीनाक्षी नगर में एक निजी कंपनी की ओर से उसके फार्म हाउस में बने टर्फ में 2 जून की दोपहर को क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया था, जिस दौरान कंपनी के युवक एक दूसरे के खिलाफ क्रिकेट खेल रहे थे, ठीक उस वक्त बैटिंग कर रहे 42 साल का रामगणेश तेवार छक्का मारने के कुछ क्षण बाद जमीन पर गिर गया, जिसके बाद उसके साथ क्रिकेट खेल रहे युवकों ने उसे उठा कर नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में काशीगांव पुलिस ने अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज किया हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिक दृष्टि में दिल का दौरा पड़ने की वजह से बैट्समैन रामगणेश तेवार की मृत्यु हुई है।


