भायंदर (सं. भा.) राकांपा से जुड़ी एक महिला कार्यकर्ता ने पूर्व विधायक गिल्बर्ट मेंडोसा के खिलाफ भायंदर पश्चिम के उत्तन सागरी पुलिस थाने में विनय भंग का मामला दर्ज कराया है। दरअसल, 20 मई को लोकसभा चुनाव के मतदान के दिन मेंडोसा महायुति के उम्मीदवार नरेश म्हस्के के पक्ष में मतदान करने की अपील उत्तन, भाटे बंदर लाइट हाउस के पास नागरिकों से कर रहे थे। वहीं पर 42 वर्षीया स्थानीय समाजसेविका व राकां की पूर्व महिला पदाधिकारी नागरिकों से महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार राजन विचारे के पक्ष में मतदान के लिए लोगों से आग्रह कर रही थी। इस दौरान दोनों का आमना-सामना हो गया। आरोप है कि इस दौरान मेंडोसा ने उक्त महिला समाज सेविका को ऊपर से नीचे तक देखते हुए अश्लील गाली दी और उनके चरित्र पर अभद्र टीका टिप्पणी की थी।


