नागपुर (सं.भा.) महाराष्ट्र में कुळ कानून को लेकर किसानों के बीच पैदा हुई आशंकाओं पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपनी जमीन पर खुद खेती करने वाले सामान्य किसानों को सरकार की ओर से कोई परेशानी नहीं होगी और उनकी जमीन पर कब्जा करने का सवाल ही नहीं उठता। हालांकि, किसानों से बड़ी मात्रा में कृषि भूमि खरीदकर लैंड बैंक बनाने और वर्षों तक उसे खाली छोड़ने वाले बड़े भू-स्वामियों को अब खेती शुरू करनी होगी। इसके लिए उन्हें तीन से पांच साल का समय दिया जाएगा।
नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बावनकुले ने कहा कि 1948 के कुळ कानून की धारा 65 को लेकर उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया। सरकार का उद्देश्य आम किसानों की जमीन अपने कब्जे में लेना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी सामान्य किसान की एक इंच जमीन भी सरकार नहीं लेगी।
राजस्व मंत्री ने बताया कि कुछ बड़े भू-स्वामियों ने किसानों से 50, 100 और 200 एकड़ तक जमीन खरीदकर लैंड बैंक बना रखे हैं। कई जगह फार्महाउस तो बनाए गए हैं, लेकिन कृषि उत्पादन नहीं हो रहा है। इतनी बड़ी कृषि भूमि का वर्षों तक खाली पड़े रहना राज्य के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन और जीडीपी बढ़ाने के लिए ऐसी जमीनों का उपयोग जरूरी है।
बावनकुले ने बड़े भू-स्वामियों से अपनी जमीन पर चारा, बांस और अन्य फसलों की खेती शुरू करने की अपील की। उन्होंने स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी से भी फोन पर बातचीत कर सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। मंत्री ने दोहराया कि राजस्व विभाग का मकसद किसानों की जमीन छीनना नहीं, बल्कि उनके भूमि अधिकारों की रक्षा करना और अनुपयोगी पड़ी कृषि भूमि को उत्पादन के दायरे में लाना है।
कुळ कानून को लेकर बावनकुले की सफाई, आम किसानों को नहीं होगा कोई नुकसान
RELATED ARTICLES


