मुंबई (सं. भा.)। बीमारी के समय आम आदमी की सबसे बड़ी चिंता इलाज का खर्च और अच्छे अस्पताल तक पहुंचना होता है। खासकर बोरीवली, दहिसर और आसपास के इलाकों में रहने वाले परिवारों को सरकारी अस्पताल की सुविधा के लिए भी कई बार दूर जाना पड़ता है। ऐसे में करीब 13 वर्षों से बंद पड़े बोरीवली के हरिलाल भगवती म्युनिसिपल जनरल अस्पताल का दोबारा शुरू होना हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकता है। बीएमसी ने मार्च 2027 से अस्पताल की ओपीडी शुरू करने और जुलाई 2027 तक इसे पूरी तरह मरीजों के लिए खोलने की तैयारी की है। करीब 483 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल की नई इमारत तैयार हो चुकी है। अस्पताल शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को सामान्य जांच से लेकर गंभीर बीमारियों के उपचार तक कई सुविधाएं अपने ही इलाके में मिल सकेंगी।
अस्पताल में कुल 490 बेड उपलब्ध होंगे, जिनमें लगभग 245 बेड बीएमसी और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के लिए आरक्षित रहेंगे। इन पर मरीजों को निर्धारित सरकारी दरों पर इलाज मिलेगा। इसका सबसे अधिक फायदा उन परिवारों को होगा, जिनके लिए निजी अस्पतालों का भारी-भरकम बिल चुकाना आसान नहीं है। अस्पताल में एमआरआई, सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, एक्स-रे, मैमोग्राफी और डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही नौ ऑपरेशन थिएटर, कैथ लैब, ब्लड बैंक और बर्न वार्ड की व्यवस्था भी की गई है।
- बच्चों के इलाज की भी होगी सुविधा
बच्चों की गंभीर बीमारियों और नवजात शिशुओं के उपचार के लिए अस्पताल में अलग व्यवस्था की गई है। यहां 20 बेड का एनआईसीयू और 10 बेड का पीआईसीयू तैयार किया गया है। बर्न वार्ड शुरू होने से आगजनी की घटनाओं में झुलसने वाले लोगों को भी अपने क्षेत्र के नजदीक उपचार मिल सकेगा। अभी तक ऐसे कई मामलों में मरीजों को दूसरे इलाकों के अस्पतालों में ले जाना पड़ता है।
बीजेपी विधायक मनीषा चौधरी ने कहा कि भगवती अस्पताल का दोबारा शुरू होना बोरीवली-दहिसर के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करेगा। मार्च से ओपीडी और जुलाई तक पूरी चिकित्सा व्यवस्था शुरू होने से आम परिवारों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। खासकर बर्न वार्ड की सुविधा स्थानीय लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगी।
बीएमसी के सभागृह नेता गणेश खणकर ने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान भारत सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी मरीजों को देने की व्यवस्था की जा रही है। निजी संस्था को संचालन की जिम्मेदारी देने के बावजूद अस्पताल का मालिकाना हक बीएमसी के पास ही रहेगा। उन्होंने कहा कि निजी संस्था के लिए कड़ी शर्तें रखी गई हैं, ताकि आम नागरिकों को बेहतर इलाज और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उनका कहना है कि यह व्यवस्था किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि आम जनता को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।


