spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईलगातार दुर्घटनाओं के बाद जागा बेस्ट प्रशासन, ड्राइवरों को दिया जा रहा...

लगातार दुर्घटनाओं के बाद जागा बेस्ट प्रशासन, ड्राइवरों को दिया जा रहा सुरक्षा प्रशिक्षण

मुंबई, (सं.भा.) मुंबई में बेस्ट बसों से जुड़े लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुर्ला, भांडुप, दादर और कांदिवली समेत कई इलाकों में हुई दुर्घटनाओं के बाद बेस्ट प्रशासन हरकत में आया है और लगभग 7 हजार चालकों की विशेष काउंसलिंग तथा पुनः प्रशिक्षण शुरू किया गया है।

 

बेस्ट अधिकारियों के अनुसार चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्हें बस चलाते समय गति सीमा का पालन करने, हैंड ब्रेक, क्लच और स्टीयरिंग का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा सड़क पर दोपहिया वाहनों को ओवरटेक करने से बचने की सलाह दी जा रही है। साथ ही प्रत्येक बस को डिपो से बाहर निकालने से पहले उसकी तकनीकी जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

 

मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली बेस्ट बस सेवा से प्रतिदिन करीब 25 लाख यात्री सफर करते हैं। वर्तमान में बेस्ट के बेड़े में स्वामित्व और ठेका आधारित मिलाकर लगभग 2,700 बसें शामिल हैं। हालांकि हाल के वर्षों में विशेष रूप से किराये पर संचालित बसों से जुड़े हादसों में बढ़ोतरी ने यात्रियों, पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

बेस्ट प्रशासन का कहना है कि सभी चालकों को दिंडोशी प्रशिक्षण केंद्र में नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है, लेकिन हालिया घटनाओं के मद्देनजर अतिरिक्त काउंसलिंग और मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। बसों के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति सीमा निर्धारित है और इसका कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com