4,500 सेवानिवृत्तों का 700 करोड़ बकाया पेमेंट अटका
मुंबई(सं.भा.): मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली बेस्ट बस के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का बकाया भुगतान का विवाद लगातार बढ़ रहा है। पिछले तीन साल से 4,500 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनका वेतन, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट नहीं मिला है, जिसकी कुल राशि 700 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
ट्रेड यूनियनों ने प्रशासन और निगम पर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन पर उतर सकते हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों की दिवाली भी निराशा में गुजर गई।
2019 में मुंबई नगर पालिका, बेस्ट और ट्रेड यूनियनों के बीच एक समझौता हुआ था, लेकिन अब नई व्यवस्था लागू नहीं हुई है। बेस्ट ने खर्च कम करने और आय बढ़ाने के लिए बसों को लीज पर देने का कदम भी उठाया था, लेकिन घाटा कम नहीं हुआ।
वर्तमान में कर्मचारियों के वेतन पर हर साल 150 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो रहा है। यूनियनों का कहना है कि अगर बकाया भुगतान तुरंत नहीं किया गया तो वे सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


