- अदाणी और टाटा पावर ने घटाए टैरिफ
मुंबई (सं. भा.) मुंबई के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अदाणी इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी के उपभोक्ताओं को इस वर्ष बिजली बिल में करीब 10% और अगले वर्ष 11.7% तक की कमी देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि बिजली बिल पर लगाया जाने वाला फिक्स चार्ज अब नहीं बढ़ेगा, जिससे करीब 34 लाख उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी।
ग्रीन टैरिफ प्रीमियम को भी घटा दिया गया है। पहले इसके लिए ग्राहकों को अतिरिक्त राशि चुकानी पड़ती थी, पर अब उन्हें केवल 0.25 रुपये प्रति यूनिट ही ज्यादा देने होंगे। इसके अलावा, जो उपभोक्ता इलेक्ट्रिक वाहन चलाते हैं, उन्हें भी फायदा होगा क्योंकि अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई में सबसे सस्ती दर 5.48 रुपये प्रति यूनिट पर बिजली दे रही है।

कंपनी का कहना है कि जो उपभोक्ता दिन के अलग-अलग समय पर बिजली का उपयोग करते हैं, उन्हें अतिरिक्त छूट मिलेगी। इतना ही नहीं, जो लोग बिजली की खपत कम करेंगे, उन्हें इनाम के रूप में अतिरिक्त लाभ भी दिया जाएगा।
इसी कड़ी में, टाटा पावर ने भी अपने आठ लाख उपभोक्ताओं के लिए राहत की घोषणा की है। टाटा पावर द्वारा तय की गई नई दरें वित्तीय वर्ष 2025-26 से लागू होंगी।
बिजली की दरों में यह गिरावट न सिर्फ उपभोक्ताओं की जेब पर असर कम करेगी, बल्कि ऊर्जा के समुचित उपयोग को भी प्रोत्साहित करेगी।


