spot_img
Homeमहाराष्ट्रदहिसर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश 4 आरोपी गिरफ्तार; 8 चोरी...

दहिसर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश 4 आरोपी गिरफ्तार; 8 चोरी की बाइक बरामद

मुंबई (सं.भा.) वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए मुंबई पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में दहिसर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने के साथ ही उन्हें खोलकर अलग-अलग पार्ट्स बेचने का काम किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 चोरी की मोटरसाइकिलें, 24 नंबर प्लेट, इंजन, चेसिस और अन्य वाहन पार्ट्स बरामद किए हैं। गौरतलब है कि इस कार्रवाई से दहिसर समेत चार पुलिस थानों में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के 8 मामलों का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, दहिसर पुलिस थाने की हद में एक मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच के दौरान तीन संदिग्ध एक बाइक को लेकर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के आनंदनगर परिसर में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे। जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को एक जगह ले जाकर खोलते थे और उनके अलग-अलग पार्ट्स निकालकर बेचते थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापा मारकर चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ बड़ी संख्या में नंबर प्लेट, इंजन, चेसिस और अन्य वाहन पार्ट्स बरामद किए। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से दहिसर पुलिस थाने के 4, एमएचबी पुलिस थाने के 2, कस्तूरबा पुलिस थाने के 1 और मालवणी पुलिस थाने के 1 मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनित भास्कर शेट्टी (23), पंकज संगलप्रसाद गुप्ता (20), आशुतोष संतोष दुबे (20) और पिंटू छोटेलाल गुप्ता (29) के रूप में हुई है। वहीं, 17 वर्ष 8 माह के एक विधि-संघर्षग्रस्त बालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में दहिसर पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने की।

पुलिस निरीक्षक हेमंत गीते सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com