कानपुर (सः.भा.) चकेरी एयरपोर्ट के पास रविवार शाम पुलिस पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने लेखपाल अंबुज निषाद समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि लेखपाल ने मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस के खिलाफ भड़काते हुए पथराव के लिए उकसाया था।
अहिरवां चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने 22 नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंबुज निषाद के अलावा सौरभ कुमार, कैलाश, दीपू, लवकुश, शांति और गीता शामिल हैं। गौरतलब है कि 22 नामजद आरोपियों में 15 अभी फरार बताए जा रहे हैं, जबकि अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पथराव के दौरान चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र पर भी हमला किया गया। आरोप है कि भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने उनके सिर पर लोहे की सरिया से वार किया। घटना में कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लेखपाल अंबुज निषाद की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस उसके खिलाफ लगे आरोपों और पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गौरतलब है कि पुलिस पर पथराव और थाना प्रभारी पर हमले के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं।


