spot_img
Homeमहाराष्ट्रधुएं का गुबार, ऊंची लपटें और चीख-पुकार नालासोपारा में जलकर खाक...

धुएं का गुबार, ऊंची लपटें और चीख-पुकार नालासोपारा में जलकर खाक हुईं दो कारें

नालासोपारा, (सं.भा.) : पालघर जिले के नालासोपारा में एक कार में लगी भीषण आग से उस समय हड़कंप मच गया, जब घनी आबादी वाले संतोष भवन स्थित बावसत पाड़ा इलाके में खड़ा वाहन अचानक आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले कार से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में वाहन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर चालक को सतर्क किया, जिसके बाद वह तुरंत वाहन से बाहर निकल आया।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बगल में खड़ी दूसरी कार भी इसकी चपेट में आ गई। दोनों वाहनों से उठ रही आग और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आग लगने से पहले संबंधित कार लंबी दूरी तय करके नालासोपारा पहुंची थी। प्रारंभिक तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी, इंजन के अधिक गर्म होने या शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा आसपास खड़े अन्य वाहनों और रिहायशी इमारतों को भी नुकसान पहुंच सकता था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com