spot_img
Homeनवी मुंबईमंडी परिसर में मृत मिले दो श्रमिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मंडी परिसर में मृत मिले दो श्रमिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

नवी मुंबई (सं.भा.) नवी मुंबई के एपीएमसी परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब ट्रक पार्किंग क्षेत्र में खड़े एक वाहन के नीचे दो लोगों के शव बरामद हुए। घटना की जानकारी मिलते ही एपीएमसी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

 

मृतकों की पहचान मोहम्मद अयूब रहीम (34) और मोहम्मद बल्लू (42) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी थे और मालवाहक वाहनों के जरिए विभिन्न राज्यों से एपीएमसी बाजार में सामान लाने-ले जाने का काम करते थे।

 

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए वाशी स्थित मनपा अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। हालांकि चिकित्सकों ने प्राथमिक तौर पर अत्यधिक गर्मी, शारीरिक कमजोरी अथवा लंबे समय तक भोजन नहीं मिलने जैसी संभावनाओं से इनकार नहीं किया है। अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा।

 

वहीं, स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का दावा है कि दोनों व्यक्ति नशे के आदी थे और हाल ही में काम छूट जाने के बाद मानसिक तनाव में थे। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम निष्कर्ष और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल दोनों मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा होना बाकी है और जांच पूरी होने तक पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com