नालासोपारा (सं. भा.) अगले कुछ महीनों में वसई-विरार महानगरपालिका में होने वाले चुनाव में भाजपा अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है। मोदी लहर से उत्साहित भाजपा इस बार अपना महापौर बनाना चाहती है। इसके लिए वह सभी 115 सीटों पर खुद के दमपर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है। चुनाव को लेकर भाजपा की विचारधारा पर चलने वाले सभी सामाजिक संघठनों से भी वार्ता चल रही है, जिन्हें साथ लिया जाएगा। यह जानकारी यहां आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान वसई-विरार जिला चुनाव प्रभारी के पद पर नियुक्त भाजपा विधायक प्रसाद लाड ने दी है।
साथ ही बताया कि वसई-विरार मनपा कमिश्नर शिवसेना के एजेंडे को चला रहे है, अगर उन्होंने यह बंद नहीं किया तो भाजपा कमिश्नर के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
सभी विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त
वसई-विरार शहर की आबादी बढ़ी पर सुविधाएं नहीं बढ़ाई गई। सत्ताधारी पार्टी के सह पर टैंकर माफियाओं का राज इस क्षेत्र में कायम है। सभी विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। इस चुनाव में हमारे प्रतिद्वंद्वी के रूप में शिवसेना और आघाडी दोनों है। वर्ष 2019 में हुए चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस शहर में राज्यस्तरीय अस्पताल बनवाने की घोषणा की थी। जिसके लिए हमारा प्रयास जारी है, जल्द ही उसके निर्माण की घोषणा भी होगी। यदि हम इस चुनाव में चुनकर आये तो शहर के लोगों को मुंबई और ठाणे जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी।
पार्टी में अंतर्कलह नहीं
पार्टी के अंदर चल रहे अंतर्कलह के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा बहुजन विकास आघाडी या शिवसेना जैसी क्षेत्रीय पार्टी नहीं है। देश की सबसे बड़ी पार्टी है। इसमें अंतर्कलह नहीं है। अगर कुछ बातें सामने आती हैं तो हम घर के अंदर ही मामले को समझा लेते है। उन्होंने कहा कि वसई-विरार मनपा द्वारा व्यापारियों के पर जबरन जजिया कर के रूप में व्यापार कर लगा रही थी, लेकिन भाजपा के विरोध कमिश्नर ने उसे आधा किया है, लेकिन पूर्णरूप से कर समाप्त होने तक भाजपा आंदोलन जारी रखेगी।


