मुंबई (सं. भा.) : मैट्रो की दो लाइन 2ए और 7 के ट्रायल रन का उद्घाटन कल मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के हाथों संपन्न हुआ। इस मौके पर कांदिवली पूर्व के भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने संपूर्ण मेट्रो परियोजना को नष्ट करने का आरोप मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर लगाते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए और धरना दिया। पुलिस ने भातखलकर सहितभाजपा कार्यकर्त्ताओं को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
भाजपा विधायक अतुल भातखलकर का आरोप है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई मेट्रो परियोजना को महाविकास अघाड़ी सरकार ने सत्ता में आने के बाद ठंडे बस्ते में डाल दिया था जिससे इस परियोजना की लागत बढ़ गई। अब ट्रायल रन के विज्ञापन पर लाखों रुपए खर्च महाविकास अघाड़ी सरकार द्वारा किया गया। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आकुर्ली मेट्रो स्टेशन के बाहर तख्तियां लेकर नारे बाजी की और मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए। पुलिस ने विधायक भातखलकर समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
भातखलकर ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सत्ता में आते ही आरे मेट्रो कार शेड को स्थगित करके उसे कांजूर मार्ग पर स्थानांतरित कर दिया था। उनके इस फैसले के कारण परियोजना की लागत 8,000 करोड़ रुपए बढ़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यकाल में केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू की गई मेट्रो परियोजना पर बहुत तेजी से कार्य हो रहा था, लेकिन ठाकरे सरकार ने मेट्रो परियोजना पर ब्रेक लगा दिया था। अब फडणवीस सरकार की परियोजना का श्रेय खुद लेने के लिए ठाकरे सरकार विज्ञापन पर लाखों रुपए खर्च करके ट्रायल रन का उद्घाटन कर रही है।
स्थानीय विधायक ने कहा कि ठाकरे सरकार ने आरे मेट्रो कार शेड को स्थानांतरित करने का फैसला ले तो लिया, लेकिन यह अभी तक तय नहीं किया है कि नया मेट्रो कार शेड कहां बनाया जाएगा। भातखलकर ने कहा कि अगर आरे मेट्रो कार शेड से छेड़छाड़ न की गई होती तो कोलाबा-सीप्ज मेट्रो आज चलती दिखाई देती, लेकिन ठाकरे सरकार की तानाशाही और मनमानी भरे फैसले के चलते ट्रायल रन का काम भी पिछड़ गया।


