spot_img
Homeमुंबईबोरीवली–कांदिवली में अवैध निर्माणों पर बीएमसी का एक्शन सड़कें हुईं खाली, ‘दिखावे’...

बोरीवली–कांदिवली में अवैध निर्माणों पर बीएमसी का एक्शन सड़कें हुईं खाली, ‘दिखावे’ की चर्चा भी गर्म

मुंबई (सं.भा.): शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने बोरीवली (वेस्ट) और कांदिवली (वेस्ट) के महावीर नगर इलाकों में व्यापक अभियान चलाया। इस कार्रवाई से जहां कई सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह खाली हुई, वहीं स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी सुनने को मिली कि अभियान की निरंतरता पर नजर रखना जरूरी है, ताकि यह कदम “सिर्फ दिखावे” तक सीमित न रह जाए।

बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन- मनपा के आर/सेंट्रल विभाग द्वारा चलाए गए इस संयुक्त अभियान में 25 बिना अनुमति के बनाए गए कंस्ट्रक्शन और 35 अवैध स्टॉल हटाए गए। अधिकारियों के अनुसार, अवैध ढांचों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और पैदल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। कार्रवाई के बाद ट्रैफिक मूवमेंट में सुधार और आवागमन में राहत देखी गई।

अभियान डिप्टी कमिश्नर (ज़ोन 7) संध्या नांदेडकर के मार्गदर्शन तथा असिस्टेंट कमिश्नर (आर/सेंट्रल डिवीज़न) डॉ. प्रफुल तांबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कंज़र्वेशन, एन्क्रोचमेंट रिमूवल, बिल्डिंग्स एंड फैक्ट्रीज़ और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विभाग की टीमों ने समन्वय के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान में 3 जेसीबी और 5 डंपर सहित भारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया, जबकि करीब 50 अधिकारी–कर्मचारी मौके पर तैनात रहे। स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सकी।

मिली-जुली प्रतिक्रिया कार्रवाई के बाद कई नागरिकों ने सड़कों के खाली होने को राहत बताया, लेकिन कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ऐसी कार्रवाइयों की नियमितता और सख्ती बनाए रखना जरूरी है, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो। आगे भी जारी रहेगा अभियान मनपा ने स्पष्ट किया है कि बिना इजाज़त के निर्माण, अवैध स्टॉल और अन्य अतिक्रमणों के खिलाफ बेदखली अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com