spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईशहर के शौचालयों की बदहाली पर BMC नाराज, सुधार के लिए 90...

शहर के शौचालयों की बदहाली पर BMC नाराज, सुधार के लिए 90 दिन की मोहलत

मुंबई (सं.भा.) देश के सबसे व्यस्त महानगरों में शामिल मुंबई में हर दिन लाखों लोग सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग करते हैं, लेकिन शहर के कई ‘पे एंड यूज’ शौचालयों की बदहाल स्थिति लंबे समय से नागरिकों की परेशानी का कारण बनी हुई है। गंदगी, दुर्गंध और रखरखाव में लापरवाही की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सख्त कदम उठाते हुए शौचालय संचालकों को 90 दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया है

मनपा में सभागृह नेता गणेश खणकर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पाया गया कि कई स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और रखरखाव के स्तर में तत्काल सुधार की आवश्यकता है। इसके बाद सभी संचालक संस्थाओं को तीन माह के भीतर आवश्यक सुधार कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीएमसी ने टूटे हुए कमोड, फिटिंग्स और अन्य उपकरणों को बदलने, क्षतिग्रस्त दरवाजों और खिड़कियों की मरम्मत करने, खराब टाइल्स को दुरुस्त करने तथा रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण के कार्य करने को अनिवार्य किया है। इसके साथ ही प्रत्येक शौचालय में नागरिक फीडबैक प्रणाली लागू करने और प्रति घंटे सफाई का रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया गया है।

स्वच्छता की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए ‘गंधवेध’ नामक आईओटी आधारित दुर्गंध निगरानी प्रणाली भी स्थापित की जाएगी। यह प्रणाली शौचालयों में दुर्गंध और स्वच्छता की स्थिति पर तकनीकी रूप से नजर रखेगी।

उत्तर मुंबई क्षेत्र के परिमंडल-7 कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मनपा अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न शौचालय संचालक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मनपा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित 90 दिनों की अवधि में अपेक्षित सुधार नहीं किए गए तो संबंधित संस्थाओं के अनुबंध निलंबित या रद्द किए जा सकते हैं तथा उनकी जगह नई संस्थाओं की नियुक्ति की जाएगी। मनपा का मानना है कि इस पहल से शहरवासियों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com