spot_img
Homeमुंबईगोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना को मिली रफ्तार, अतिक्रमणों पर चला बुलडोजर

गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना को मिली रफ्तार, अतिक्रमणों पर चला बुलडोजर

मुंबई (सं.भा.) शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और पूर्वी तथा पश्चिमी उपनगरों के बीच आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में चल रही गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना को गति देने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। परियोजना क्षेत्र में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों को हटाकर मनपा अब इस महत्वाकांक्षी योजना का काम तेज करने में जुटी है।

 

इसी क्रम में अमरनगर और खिंडीपाडा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर करीब 150 अवैध आवासीय और व्यावसायिक ढांचों को हटाया गया। यह कार्रवाई मनपा के संबंधित विभाग की टीम द्वारा पुलिस बंदोबस्त और अन्य प्रशासनिक सहायता के साथ की गई।

 

मनपा अधिकारियों के अनुसार, परियोजना क्षेत्र में कुल 384 ऐसे निर्माणों की पहचान की गई है जो सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। पहले चरण में 150 निर्माणों को हटाया गया है, जबकि शेष संरचनाओं के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

 

करीब 12.20 किलोमीटर लंबी गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना मुंबई की प्रमुख आधारभूत संरचना योजनाओं में शामिल है। इस परियोजना के तहत सड़क मार्ग, सुरंग, फ्लाईओवर और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद पश्चिमी उपनगरों से पूर्वी उपनगरों तक पहुंचना अधिक आसान और तेज हो जाएगा।

 

अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में गोरेगांव और मुलुंड के बीच यात्रा करने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ती है। लिंक रोड बनने के बाद यात्रा अवधि में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है, साथ ही शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।

 

मनपा का मानना है कि परियोजना से लाखों मुंबईकरों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और शहर की परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इसी उद्देश्य से परियोजना में आने वाली सभी बाधाओं को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com