दरें बढ़ीं, फिर भी डाक सेवा को बताया सबसे भरोसेमंद
मुंबई (सं. भा.): डिजिटल युग में जहां ज्यादातर सेवाएं ऑनलाइन हो रही हैं, वहीं मुंबई महानगरपालिका ने एक बार फिर पारंपरिक प्रणाली पर भरोसा जताया है। शहर के करीब 90 लाख पानी उपभोक्ताओं तक बिल पहुंचाने का जिम्मा अब भी भारतीय डाक विभाग को सौंपा गया है। मनपा का कहना है कि दरें बढ़ने के बावजूद डाक सेवा सबसे भरोसेमंद और किफायती विकल्प है।
मनपा प्रतिदिन लगभग 5 हजार पानी के बिल तैयार कर डाक के माध्यम से नागरिकों तक पहुंचाती है। इस कार्य के लिए बीएमसी ने भारतीय डाक विभाग के साथ 1 मई 2024 से 30 अप्रैल 2029 तक का समझौता किया है।
जब अनुबंध हुआ था, तब प्रति बिल की दर ₹3.80 थी। लेकिन 16 दिसंबर 2024 से यह बढ़कर ₹5.00 हो गई है। इसके साथ ही ₹0.80 फ्रैंकिंग, हैंडलिंग और पिन कोड सॉर्टिंग शुल्क, तथा 18% जीएसटी अतिरिक्त देना होगा।
इन संशोधित दरों के चलते पानी के बिलों की वितरण लागत ₹4.62 करोड़ से बढ़कर ₹5.34 करोड़ तक पहुंच गई है। मनपा अधिकारियों के अनुसार, “भारतीय डाक का नेटवर्क व्यापक है और उसकी डिलीवरी प्रणाली अब भी निजी एजेंसियों की तुलना में अधिक विश्वसनीय है।”


