spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमुंबई में बीएमसी का बड़ा फैसला—गंदगी फैलाने वालों पर अब सीधे नगरपालिका...

मुंबई में बीएमसी का बड़ा फैसला—गंदगी फैलाने वालों पर अब सीधे नगरपालिका कर्मी करेंगे कार्रवाई, 450 जूनियर सुपरवाइज़र तैनात

मुंबई, (सं. भा.): मुंबई शहर को स्वच्छ रखने के लिए बीएमसी ने एक बड़ा प्रशासनिक परिवर्तन करते हुए गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी अब अपने कर्मचारियों को सौंप दी है। निजी क्लीन-अप मार्शल योजना बंद होने के बाद बीएमसी ने हाल ही में नियुक्त किए गए 450 जूनियर सुपरवाइज़र को पूरे शहर में तैनात कर दिया है, जो सफाई व्यवस्था की निगरानी के साथ ही मौके पर ही जुर्माना लगाने का अधिकार रखते हैं।

बीएमसी प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाना और कार्रवाई में पारदर्शिता लाना है। नगर निगम के अनुसार, क्लीन-अप मार्शल योजना के दौरान भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। इसी कारण 4 अप्रैल 2025 को यह योजना पूरी तरह समाप्त कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि पर्याप्त स्टाफ होने के बाद अब बीएमसी खुद पूरी व्यवस्था संभालने की स्थिति में है।

घन कचरा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, नए जूनियर सुपरवाइज़र को व्यापक अधिकार दिए गए हैं। ये कर्मचारी न केवल सड़क, फुटपाथ और पार्कों में कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई करेंगे, बल्कि थूकने, खुले में पेशाब-शौच करने, कचरा जलाने, निर्माण सामग्री गलत तरीके से फेंकने और वायु प्रदूषण फैलाने जैसी गतिविधियों पर भी तत्परता से दंड लगा सकेंगे। इतना ही नहीं, घरों और बड़ी संस्थाओं द्वारा कचरे के वर्गीकरण का पालन न करने पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।

बीएमसी ने स्वच्छता से जुड़े उल्लंघनों के लिए नए दंड भी प्रस्तावित किए हैं, जो वर्ष 2006 की तुलना में कई गुना अधिक होंगे। निगम अधिकारियों के अनुसार, नई पेनल्टी पर अंतिम निर्णय अगले 10 से 15 दिनों में लिया जाएगा और जल्द ही इसकी अधिकारिक घोषणा भी की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने, थूकने, खुले में पेशाब-शौच करने और सार्वजनिक क्षेत्रों में अव्यवस्था फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं निर्माण मलबा गलत जगह डालने पर भारी दंड का प्रावधान किया गया है।

प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था के लागू होने के बाद शहर में साफ-सफाई के स्तर में स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा। बीएमसी का दावा है कि अब स्वच्छता से जुड़ी कार्रवाई किसी निजी एजेंसी पर निर्भर नहीं रहेगी, बल्कि सीधे नगरपालिका के नियंत्रण में होने से जवाबदेही और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com