- बेटे सनी देओल ने किया अंतिम संस्कार,
- सितारों ने दी नम आंखों से विदाई
मुंबई(स भा): हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और ‘ही-मैन’ कहलाने वाले धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में सोमवार दोपहर निधन हो गया। उन्होंने अपने मुंबई स्थित घर पर अंतिम सांस ली। विले पार्ले श्मशान भूमि में उनके बेटे सनी देओल ने पार्थिव शरीर की चिता को मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार के दौरान फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान, संजय दत्त, अक्षय कुमार, अनिल कपूर सहित कई दिग्गज सितारे उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सभी की आंखें नम थीं और माहौल बेहद गमगीन था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि “यह भारतीय सिनेमा के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत है। धर्मेंद्र ने पीढ़ियों को प्रेरित किया और अपनी सादगी से लोगों का दिल जीता।”
दोपहर में उनके घर पर अचानक सुरक्षा बढ़ाई गई और एम्बुलेंस पहुंची। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर श्मशान घाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया था और कुछ दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उस दौरान सोशल मीडिया पर उनकी मृत्यु की अफवाहें भी फैलीं, जिन्हें परिवार ने तुरंत खारिज किया था। 12 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और घर पर ही उपचार चल रहा था।

धर्मेंद्र भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और सम्मानित अभिनेताओं में शामिल थे। वे अपने पीछे यादगार भूमिकाओं का अमूल्य खजाना और करोड़ों प्रशंसकों का प्यार छोड़ गए। आज देश ने अपना प्रिय ‘ही-मैन’ खो दिया।


