- बोरीवली- ठाणे ट्वीन टनेल का जल्द शुरू होगा काम
मुंबई (सं. भा.) मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का ड्रीम प्रोजेक्ट कहे जाने वाले बोरीवली- ठाणे टनेल रोड प्रोजेक्ट के काम की शुरुआत जल्द हो सकती है। राज्य के इस सबसे लंबे ट्वीन टनेल रोड के लिए जरूरी स्टेट वाइल्डलाइफ बोर्ड का क्लियरेंस मिल गया है। एमएमआरडीए द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुए राज्य वन्यजीव मंडल की इस समय ठाणे 22वीं बैठक में इसे मंजूरी दी गई।
12 किमी की जुड़वा सुरंग 11.84 किमी ठाणे-बोरीवली जुड़वां सुरंग परियोजना के निर्माण के लिए कंपनिया भी फाइनल हो गई हैं। बताया गया है कि दो पैकेज में होने वाले बहुउद्देशीय प्रोजेक्ट के लिए लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमईआईएल) दोनों को काम दिया जाएगा। 16 हजार 600 करोड़ की इस परियोजना के तहत दो पैकेज में निर्माण होगा। एमएमआरडीए के अनुसार पैकेज 1 में बोरीवली की तरफ 5.75 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण एवं पैकेज 2 में ठाणे की तरफ 6.09 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा दोनों सिरों पर एक संयुक्त रूप से 1.55 किमी की सड़के बनेंगी। ठाणे-बोरीवली के बीच संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे से गुजरने वाले भूमिगत मार्ग में 3 लेन वाली जुड़वा सुरंग जमीन सतह के नीचे 23 मीटर की गहराई पर होंगी।

20 मिनट में बोरीवली से ठाणे
इस समय ठाणे से बोरीवली की दूरी घोड़बंदर के रास्ते 23 किमी है और पीक ऑवर्स के दौरान इस दूरी को कवर करने में एक घंटे से अधिक समय लगता है। नया टनेल रोड बनने पर मात्र 15 से 20 मिनट में ठाणे से सीधे बोरीवली पहुंचा जा सकेगा। एमएमआरडीए के कमिश्नर डॉ. संजय मुखर्जी के अनुसार राज्य वन्य जीव बोर्ड की मंजूरी के बाद इस परियोजना का पहला चरण जल्द शुरू हो सकेगा।


