मुंबई (सं. भा.) मुंबई उपनगर के मलाड मालवणी इलाके में बड़े पैमाने पर किये जा रहे अनधिकृत निर्माण को लेकर पालकमंत्री मंगल लोढ़ा ने काफी सख्त रुख अपनाया है। उक्त अनाधिकृत निर्माण कहां पर और किसके द्वारा किया जा रहा है उस पर मंत्री लोढ़ा ने खुलकर कुछ भी नही बोला। वहीं सूत्रों कि माने तो मंत्री लोढ़ा को किसी के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के एक इबादतगाह में अनधिकृत निर्माण किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। संभवतः उसी अनधिकृत निर्माण को लेकर मंत्री लोढ़ा मालवणी पुलिस स्टेशन पहुंचे थे और वहां उन्होंने मीडिया से अनधिकृत निर्माण को लेकर बात की। सूत्रों का यह भी कहना है कि गत रामनवमी उत्सव के दौरान दो समूहों के बीच मालवणी इलाके में जिस इबादतगाह के सामने दो समुदाय के बीच दंगे की स्थिति पैदा हो गई थी, उसी इबादतगाह में तथाकथित तौर पर किए गए अनाधिकृत निर्माण को लकर मंत्री लोढ़ा ने काफी आक्रामक रुख अपना रखा है। ऐसा अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि पालक मंत्री के सख्त रवैए को देखते हुए मनपा पी उत्तर विभाग जल्द ही उक्त इबादतगाह में किये गए अनधिकृत निर्माण के उपर हतौड़ा चला सकता है। इस दौरान मालवणी का माहौल शांत बना रहे और कानून – व्यवस्था में किसी प्रकार का कोई बाधा उत्पन न हो , इसी की समीक्षा करने के किए मंत्री लोढ़ा मालवणी पुलिस स्टेशन शनिवार को पहुंचे थे। ऐसा अटकलों का बाजार गर्म है। इसके अलावा, इस क्षेत्र में बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं की आबादी काफी बढ़ रही है। मंत्री लोढ़ा का कहना है कि फर्जी वेबसाइट बना कर घुसपैठिये बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को जन्म प्रमाणपत्र बना कर दिए जा रहे हैं जिससे वह सभी अन्य फर्जी दस्तावेज बना कर खुद को भारत का नागरिक साबित कर सकें।

उनके अनुसार जोन 11 की बोरीवली पुलिस ने 17 बांग्लादेशियों को नालासोपारा से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इनमें से कुछ के पास हिंदुस्तानी पासपोर्ट बरामद हुआ है। मंत्री लोढ़ा ने पुलिस को बधाई देते हुए बंलादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।


