मुंबई (सं.भा.) यात्री परिवहन के साथ माल ढुलाई के क्षेत्र में भी मध्य रेल ने मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। चालू वित्त वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में रेलवे ने माल ढुलाई का नया रिकॉर्ड कायम करते हुए 34.48 मिलियन टन माल का परिवहन किया। अप्रैल से अगस्त के बीच माल ढुलाई से मध्य रेल को 3,462 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार कुल माल ढुलाई में सात प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। इस उपलब्धि में मध्य रेल के विभिन्न मंडलों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। माल परिवहन बढ़ने से रेलवे के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
आंकड़ों के अनुसार, नागपुर मंडल ने सबसे अधिक 20.31 मिलियन टन माल का परिवहन किया। वहीं मुंबई मंडल ने 8.56 मिलियन टन माल ढोया। राजस्व के मामले में भी नागपुर मंडल सबसे आगे रहा और उसने 2,072.73 करोड़ रुपये की आय दर्ज की।
मध्य रेल के अधिकारियों के अनुसार, माल ढुलाई में लगातार वृद्धि रेलवे की परिवहन क्षमता और कारोबार को मजबूती दे रही है। विभिन्न मंडलों में माल परिवहन को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक माल को रेल नेटवर्क के माध्यम से ले जाने पर जोर दिया जा रहा है। रेलवे का कहना है कि आने वाले समय में माल ढुलाई को और गति देने के प्रयास जारी रहेंगे।


