- नहीं थमेगी लाइफलाइन
मुंबई (सं.भा.) मानसून के आगमन को देखते हुए मध्य रेलवे ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए है। साथ ही मध्य रेलवे का मुंबई मंडल यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित रखने के लिए तैयारियों में जुट गया है। मुंबई मंडल अपने व्यापक नेटवर्क पर निर्बाध संचालन और सुरक्षा सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। कई व्यापक उपाय किये जा रहे हैं। फिलहाल लोकल रेक के सुरक्षित और आरामदायक संचालन के लिए कार शेडों में मानसून एहतियाती गतिविधियां शुरू की गई हैं। इन गतिविधियों में मुख्य रूप से ट्रैक्शन मोटर्स, एक्सल बॉक्स, जंक्शन बॉक्स, हेडलाइट्स, लुकआउट ग्लास इत्यादि जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों की सीलिंग शामिल हैं। 157 में से 130 रेक पर काम पूरा हो चुका है। शेष रेक अगले 10 दिनों के भीतर पूरा हो जाएगा। सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन विंग ने सभी प्रयास किए हैं, जैसे कम इन्सुलेशन के लिए केबलों का परीक्षण करना, पहचाने गए दोषपूर्ण केबलों को बदलना और पुलों और पुल पर केबलों की सुरक्षा करना। सभी आउटडोर सिग्नलिंग गियर (सिग्नल, ट्रैक ऑक्यूपेंसी डिवाइस, पॉइंट मशीन आदि) की सीलिंग पूरी हो चुकी है। अर्थिंग, बॉन्डिंग और बिजली संरक्षण उपकरणों का ठीक से काम करना सुनिश्चित किया गया है। घाट अनुभाग में संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और टेलीफोन कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

24 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई। इन स्थानों पर 192 पंप उपलब्ध कराए जाएंगे। रेलवे 161 पंप उपलब्ध कराएगा और ग्रेटर मुंबई नगर निगम शेष 31 पंप प्रदान करेगा। इस वर्ष 12.5 एचपी से 100 एचपी के बीच पम्पों एवं नगों की क्षमता बढ़ा दी गई है। मेन लाइन पर पहचाने गए स्थान मस्जिद, मझगांव यार्ड, भायखला, चिंचपोकली, करी रोड, परेल, दादर, माटुंगा, सायन, कुर्ला, विक्रोली, कांजुरमार्ग, भांडुप. मुलुंड हैं और हार्बर लाइन पर शिवडी, वडाला, गुरु तेग बहादुर नगर, चुनाभट्टी, तिलक नगर आदि शामिल हैं।
माइक्रो टनलिंग
मस्जिद, सँडहर्स्ट रोड, दादर-परेल क्षेत्र, माटुंगा-सायन क्षेत्र, कुर्ला कारशेड, तिलक नगर नाला, दिवा और कलवा जैसे स्थानों पर माइक्रो टनलिंग प्रदान की गई है। विक्रोली- कांजुरमार्ग, कांजुरमार्ग और सायन में 3 नए स्थानों पर माइक्रो टनलिंग का कामकाज चल रहा है।
मध्य रेल ने अपने उपनगरीय खंड पर 119.82 किमी नालों से गाद निकालने और सफाई करने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 68.44 किमी का काम पूरा हो चुका है और वर्तमान में अन्य 51.38 किमी नालों की सफाई का काम
प्रगति पर है।
मध्य रेल ने अपने उपनगरीय खंडों पर 92 पुलियों की सफाई की है। और वर्तमान में 64 और पुलियों की सफाई पर काम चल रहा है। कुर्ला-ट्रॉम्बे क्षेत्र, चूनाभट्टी, वडाला रोड, विद्याविहार-एलटीटी क्षेत्र और तिलक नगर में आरसीसी बॉक्स डालकर पुलिया विस्तार का कार्य किया गया। 156 वृक्षों की कटाई एवं छटाई का कार्य किया जा चुका है तथा 2 वृक्षों का कार्य प्रगति पर है। मध्य रेल ने मुख्य लाइनों पर 55,000 क्यूबिक मीटर गंदगी साफ करने और हटाने का लक्ष्य रखा है।


