- अब तक नौ सौ वाहन चालकों से पुलिस ने 18 लाख रुपये दंड वसूला
वसई: हाइवे पर यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ हाइवे ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। चिंचोटी चौकी के इंचार्ज पुलिस उपनिरीक्षक विठ्ठल चिंतामण के नेतृत्व में मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर ओवर स्पीड और लेन चेंज कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। दो महीने में हाइवे पुलिस ने ओवर स्पीड के लगभग नौ सौ वाहनों के चालान काटकर 18 लाख रुपये का दंड वसूला है। साथ ही अचानक लाइन चेंज करना, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, बिना हेल्मेट के बाइक चलानां, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करना जैसे वाहनों चालकों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद हाइवे हादसों को रोकने के लिए एनएचआई, पालघर पुलिस तरह तरह के अभियान चला रही है। बढ़ते हादसों पर रोक लगाने के लिए पालघर एसपी बाला साहेब पाटील एनएचएआई के अधिकारियों को जल्द से हाइवे के फ्लाइओवर पर स्ट्रीट लाइट, ब्लैकस्पॉट पर स्ट्रिप्ट रम्बलर, गड्ढे, स्पीड लिमिट, दिशा दर्शक बोर्ड, अनावश्यक रोड कट, क्रेन व ऐम्बुलेंस की सुविधाएं तत्काल शुरू करने के आदेश दिए हैं। एनएचएआई ने लाइट, स्ट्रिप्ट रम्बलर, गड्ढे, और दिशा दर्शक बोर्ड का काम शुरू कर दिया। इधर, हाइवे पुलिस ओवर स्पीड, सीट बेल्ट, बिना हेल्मेट और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों पर कार्रवाई कर रही है।

हादसों में आ रही है कमी
चिंतामण ने बताया कि हमारी टीम ओवर स्पीड वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। हमने जुलाई और अगस्त में नौ सौ से अधिक वाहनों के चालान काटकर उनसे लगभग 18 लाख रुपये का दंड वसूला है। चिंतामण ने बताया कि हाइवे पर स्पीड लिमिट 85 किलोमीटर प्रति घंटा है, उसके ऊपर अगर किसी वाहन की स्पीड होती है, तो हमारी टीम गाड़ी का नंबर मशीन से ट्रेस कर तुरंत उसे दो हजार रुपये का चालान ऑनलाइन काट देती है। इसके साथ ही यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से हाइवे के हादसों में काफी कमी आई है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


