लखनऊ (सं.भा.) सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान माना जाता है। इसी उद्देश्य के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध तथा पारदर्शी तरीके से शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री का सख्त रुख देखने को मिला।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, बिजली और राजस्व संबंधी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी लोगों से मुलाकात की, उनकी बातें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मथुरा से पहुंचे एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव के चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण करने और यदि अतिक्रमण पाया जाए तो उसे हटाने के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विकास प्राधिकरण जैसी सभी संबंधित संस्थाएं अतिक्रमण की शिकायतों पर लगातार निगरानी रखें और जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि आम जनता को राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता दर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कई आवेदन भी प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री ने सभी आवेदकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है और जनता की हर जायज समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दूर-दराज से आए लोगों का हालचाल भी जाना। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के समय आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा पर्याप्त पानी और संतुलित खानपान का ध्यान रखें।


