मुंबई (सं.भा.) रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में स्काउट OP और लव गिल के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर उठा विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। शो के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी ने दोनों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कई सवाल उठाए थे। इस दौरान लव गिल के चरित्र को लेकर की गई टिप्पणी पर उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा। अब काशवी ने अपनी बात पर सफाई देते हुए माफी मांग ली है और कहा है कि किसी दूसरे व्यक्ति के इरादों या चरित्र पर सवाल उठाना उनका उद्देश्य नहीं था।
रविवार रात प्रसारित एपिसोड में काशवी, होस्ट रोहित शेट्टी के साथ मंच पर पहुंचीं। बातचीत के दौरान उन्होंने स्काउट OP और लव गिल की कथित बढ़ती नजदीकियों तथा ‘कंबल मसाज’ जैसे मुद्दों पर अपनी नाराजगी जाहिर की। यह विषय पिछले कई सप्ताह से सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ था। शो में स्काउट और लव एक-दूसरे को भाई-बहन बताते हैं, ऐसे में उनके बीच दिखाई देने वाली नजदीकियों को लेकर दर्शकों के बीच भी बहस होती रही है।
अपनी बात रखते हुए काशवी ने कुछ ऐसी टिप्पणियां कर दीं, जिन्हें लव गिल के चरित्र पर सवाल उठाने के तौर पर देखा गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कुछ यूजर्स ने उनके रवैये पर सवाल उठाए और महिलाओं के बीच एक-दूसरे के प्रति समर्थन को लेकर भी टिप्पणी की।
विवाद बढ़ने के बाद काशवी ने सोमवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी बात को अधिक बेहतर और संवेदनशील तरीके से रख सकती थीं। काशवी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य स्काउट से उसके व्यवहार को लेकर सवाल करना और उसे जवाबदेह ठहराना था, न कि किसी दूसरी महिला के प्रति नफरत फैलाना या लोगों को उसके खिलाफ भड़काना।
काशवी ने अपने बयान में कहा कि उस समय वह जिस भावनात्मक स्थिति में थीं, वह अलग बात है, लेकिन किसी अन्य व्यक्ति के इरादों या चरित्र पर टिप्पणी करना उनका अधिकार नहीं है। उन्होंने अपने शब्दों की जिम्मेदारी लेते हुए माफी मांगी। काशवी भी स्काउट OP की तरह यूट्यूबर और गेमर हैं। उनके माफीनामे के बाद यह विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
लव गिल के चरित्र पर टिप्पणी करना पड़ा भारी काशवी हीरानंदानी ने मांगी माफी
RELATED ARTICLES


