मुंबई (सं.भा.) दिवाली के जश्न में पटाखों का शोर फैलाने और ध्वनि प्रदूषण के नियमों को ताक पर रखने वालों पर अब प्रशासन की नजर रहेगी। त्योहार के दौरान तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ने वालों के खिलाफ मुंबई पुलिस और बीएमसी ने संयुक्त रूप से सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। इसके लिए दोनों विभागों की ओर से विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तेज आवाज वाले पटाखों से बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार लोगों को काफी परेशानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नागरिक अपने आसपास तेज आवाज में पटाखे फोड़ने की शिकायत बीएमसी की हेल्पलाइन नंबर 1916 पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे और नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
दूसरी ओर, दिवाली के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का कार्यक्रम या आयोजन करने वालों के लिए बीएमसी की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने अथवा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने पर आयोजकों की ओर से जमा कराई गई 50 हजार रुपये की सुरक्षा राशि जब्त की जा सकती है।
बीएमसी प्रशासन ने मुंबईकरों से अपील की है कि त्योहार की खुशियां मनाते समय दूसरों की सुविधा और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करें और सार्वजनिक आयोजनों के लिए आवश्यक अनुमति अवश्य लें।


