अमरेंद्र कुमार राय…
दिल्ली में कांग्रेस क्या करे ? मजबूती से चुनाव लड़े या लोकसभा चुनावों की तरह यहां भी “त्याग” करे ? आप ने देखा कि लोकसभा चुनावों में हर तरफ से कांग्रेस को यही उपदेश दिया जा रहा था कि वह बड़ी पार्टी है, गठबंधन बनाना उसकी जिम्मेदारी है। इसलिए उसे ही “त्याग” करना चाहिए। मतलब ये कि जहां उसे जितना बनता है वह उतना न मांगे ( महाराष्ट्र, झारखंड ), जहां दूसरे लोग मजबूत हैं वहां तो वह बिलकुल जुबान न खोले और सहयोगियों के रहमो करम पर रहे ( यूपी, बिहार, दिल्ली ) जहां किसी का कुछ नहीं बनता वहां भी उन्हें दे ( मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल, हरियाणा, पंजाब आदि ) और अगर ऐसा न करे तो वह अहंकारी है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों में यह किया भी। उसने कहीं जुबान नहीं खोली एकता के नाम पर जिसने जो दिया उसे स्वीकार किया। जिसने उदारतापूर्वक दिया ( सपा ) उसका धन्यवाद किया और जिसने अपनी मर्जी चलाई ( राजद ) मन मसोस कर सह लिया। जहां वह दूसरे क्षेत्रीय दलों से मजबूत थी वहां ( महाराष्ट्र ) भी झुककर ही समझौता किया। समझा जा सकता था कि केंद्र की लड़ाई कांग्रेस की लड़ाई थी। बाकी क्षेत्रीय दलों का उससे कम मतलब था।
लेकिन अब जब राज्यों के चुनाव हो रहे हैं तो भी उससे यही उम्मीद की जा रही है कि वही त्याग करे। पीछे यूपी में नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। अखिलेश यादव की सपा ने सात सीटों पर उम्मीदवार खड़े कर दो हारने वाली सीटें कांग्रेस के लिए छोड़ दीं। कांग्रेस इससे नाराज तो हुई लेकिन गठबंधन धर्म का पालन करते हुए नाराजगी का इजहार किये बिना वे दो सीटें भी सपा के लिए ही छोड़ दी। नतीजा क्या निकला जिस समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया था, बीजेपी को छकाते हुए राज्य की कुल 80 में से 37 सीटें जीत ली थीं और छह सीटें कांग्रेस को जिता दी थीं, वह नौ में से सिर्फ दो सीटें जीत पाई। अब दिल्ली में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। दिल्ली में आप सत्ताधारी पार्टी है। लोकसभा चुनाव में आप और कांग्रेस दोनों ही इंडिया गठबंधन में थे और मिलकर चुनाव लड़े थे। लेकिन विधान सभा में आप दिल्ली की मलाई कांग्रेस के साथ बांटने को तैयार नहीं हुई। उसने अकेले लड़ने का फैसला किया और सभी सत्तर सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया। कोई और रास्ता न देखकर कांग्रेस ने भी 48 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिये। उम्मीदवार भी ऐसे उतारे कि आप को पसीना आने लगा। इतना ही नहीं कांग्रेस ने आक्रामक तेवर भी अपनाए।
इस समय पूरे देश में कांग्रेस के प्रति लोगों में सकारात्मक रुझान है। खासकर मुस्लिम और दलित समुदाय में। कांग्रेस की आक्रामकता और अपनी चुनौतियां देखकर आप की चिंता बढ़ गई। उसे लगने लगा कि एक तो दस साल की सत्ता विरोधी लहर, दूसरे जेल जाने से छवि के नुकसान के कारण कहीं सत्ता उसके हाथ से न चली जाए। दिल्ली की आबादी में करीब 12 प्रतिशत मुसलमान हैं और 17 प्रतिशत दलित। मुसलमान दिल्ली की सात – आठ सीटों पर जीत – हार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी तरह दलित भी करीब 20- 22 सीटों पर निर्णायक भूमिका में हैं। ऐसे में करीब तीस सीटों पर कांग्रेस का मजबूती से लड़ना आप के लिए संकट पैदा कर सकता है। उसको बहुमत के भी लाले पड़ सकते हैं। तब आप ने ये कहना शुरू किया कि यहां कांग्रेस बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है और उसे हराने के लिए बीजेपी की मदद कर रही है। उसके कुछ समर्थक भी उसी की भाषा बोलने लगे हैं। इससे पहले जब आप गोवा, गुजरात, हरियाणा में चुनाव लड़ी तो उसका और उसके समर्थकों का तर्क होता था कि क्या कांग्रेस के लिए कोई पार्टी अपना आधार न बढ़ाये ? हर पार्टी को कहीं से भी चुनाव लड़ने और अपना आधार बढ़ाने का अधिकार है। बिलकुल सही बात है। तो अब वही तर्क कांग्रेस पर भी तो लागू होता है ? जिन तर्कों के आधार पर आप गोवा, गुजरात और हरियाणा में मजबूती से चुनाव लड़ी और कांग्रेस को सत्ता में पहुंचने से रोक दिया अब उसी आधार पर कांग्रेस को भी दिल्ली में चुनाव लड़ने का अधिकार है। भले आप सत्ता से बाहर होती है तो हो। बीजेपी का फायदा होता है तो हो। कांग्रेस की दुविधा यही है। उसका दृष्टिकोण छोटी पार्टियों की तरह संकुचित नहीं है। वह अपने फायदे के लिए भी कोई ऐसा काम नहीं करना चाहती जिससे अंतत: बीजेपी का फायदा हो।
कांग्रेस को दो मोर्चों पर लड़ाई लड़नी पड़ रही है। एक बीजेपी से और दूसरे इंडिया गठबंधन में शामिल ज्यादातर क्षेत्रीय पार्टियों से। क्षेत्रीय पार्टियां बीजेपी को केंद्र की सत्ता से हटाना तो चाहती हैं लेकिन वे ये भी नहीं चाहतीं कि कांग्रेस मजबूत हो। इसलिए वे अपने-अपने राज्यों में कांग्रेस को कमजोर ही देखना चाहती हैं। वे जानती हैं कि अगर कांग्रेस मजबूत होगी तो उनके राज्यों में भी वो अपना उचित हिस्सा मांगेगी। लोक सभा चुनावों की तरह उनकी हर बात नहीं स्वीकार कर लेगी। इसीलिए दिल्ली के चुनावों में जिन पार्टियों का दिल्ली में कुछ भी नहीं है वो भी कांग्रेस को नीचा दिखाने के लिए आप का समर्थन करने में जुट गई हैं। सबसे पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कदम उठाया। उनका दिल्ली में कुछ नहीं है। वे चुनाव भी नहीं लड़ते। सौहार्द वश भी आप ने उन्हें कोई सीट देने की पेशकश नहीं की है फिर भी उन्होंने आप को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसके पीछे सिर्फ उनकी मंशा ये है कि कांग्रेस दिल्ली में मजबूत न होने पाए। अगर दिल्ली में मजबूत होगी तो 2027 में होने वाले यूपी विधान सभा चुनावों में भी वो अपना हिस्सा मांगेगी। यह चिंता अखिलेश को अभी से सता रही है। वे जानते हैं कि बिना कांग्रेस की मदद से वे विधान सभा का चुनाव नहीं जीत सकते। लोक सभा के चुनावों और विधान सभा की नौ सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजों ने उन्हें ये बात अच्छी तरह से समझा दी है। दूसरा समर्थन ममता बनर्जी ने दिया है उन्हें भी लगता है कि कांग्रेस मजबूत होगी तो पश्चिम बंगाल में उन पर भी असर पड़ेगा। शिव सेना उद्धव ठाकरे के नेता संजय राउत भी कांग्रेस के अलग लड़ने को लेकर अपनी चिंता जता चुके हैं और बता चुके हैं कि कांग्रेस अगर मजबूती से लड़ी तो उससे बीजेपी को फायदा होगा। आप की सरकार दिल्ली से जा सकती है। मतलब ये कि कांग्रेस बीजेपी से लड़ने के लिए केजरीवाल के खिलाफ न लड़े। अरे भाई ये बात केजरीवाल को भी तो समझना चाहिए कि जैसे लोक सभा में मिलकर लड़े वैसे विधान सभा में क्यों नहीं लड़ रहे ? बिहार में राजद नेता लालू प्रसाद भी दिल्ली विधान सभा चुनावों को लेकर तो नहीं लेकिन ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन का नेता बनाने को लेकर कांग्रेस से पल्ला झाड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि ममता को इंडिया गठबंधन का नेता बनाना चाहिए। बिहार में तो इसी साल चुनाव होने हैं। लालू को पता है कि कांग्रेस की मदद के बिना सत्ता तक पहुंचने की उनकी मुराद बिलकुल भी पूरी नहीं हो पाएगी। लेकिन वे भी यही चाहते हैं कि कांग्रेस की गुडविल का तो लाभ उन्हें मिले पर कांग्रेस को देना ज्यादा न पड़े।
दिल्ली विधान सभा चुनाव में कांग्रेस मुसलिम, दलित, गरीब को लुभाने वाले कार्यक्रम घोषित कर चुकी है। इन वर्गों में कांग्रेस के प्रति रुझान भी बढ़ा है। जानकारों का मानना है कि उसका वोट बैंक तो बढ़ेगा पर वह सीटें शायद ज्यादा न जीत पाए। आप को अभी भी बढ़त है। उसकी सीटें जरूर कम होंगी लेकिन बहुमत उसे निश्चित रूप से मिल जाएगा। लेकिन उसे पचास से ऊपर सीटें चाहिए वरना उसकी सरकार पर बीजेपी की तलवार हमेशा लटकी रहेगी। बीजेपी कर्नाटक, मध्य प्रदेश की तरह कभी भी उसकी सरकार गिरा सकती है। लेकिन एक संभावना यह भी है कि अगर कहीं कांग्रेस ज्यादा मजबूती से लड़ गई तो केजरीवाल चुनाव ही न हार जाएं। त्रिशंकु विधान सभा से लेकर बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलने की भी स्थिति बन सकती है।
यह स्थिति वाकई चिंताजनक होगी। ऐसा नहीं होना चाहिए। लेकिन यह सिर्फ कांग्रेस के सोचने की बात नहीं है। केजरीवाल को भी सोचना चाहिए। इसी तरह बाकी जिन राज्यों में आगे चुनाव होने हैं, इंडिया गठबंधन में शामिल उनके नेताओं को भी सोचने की जरूरत है।


