spot_img
Homeमुंबईबोरीवली में नशे में धुत युवकों ने की कांस्टेबल की पिटाई

बोरीवली में नशे में धुत युवकों ने की कांस्टेबल की पिटाई

एक गिरफ्तार

मुंबई (सं. भा.) । बोरीवली में खाकी वर्दी पर हमला करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। बोरीवली पुलिस के एक कांस्टेबल पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने 27 वर्षीय गौरव जयवंत शेलार नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि इस घटना में शामिल उसके तीन साथी अभी भी फरार हैं। यह घटना कर्तव्य पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और मारपीट को दर्शाती है।

दहिसर निवासी संदीप सोनकांबले, जो वर्तमान में बोरीवली पुलिस स्टेशन में पुलिस कांस्टेबल के रूप में कार्यरत हैं, बुधवार, 21 मई को सुबह 2 बजे अपने इलाके में गश्त कर रहे थे। उसी समय, गौरव शेलार अपने तीन अन्य साथियों के साथ बोरीवली के बभईनाका इलाके में शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। जब कांस्टेबल संदीप ने उन्हें बिना कोई हंगामा किए घर जाने को कहा, तो गौरव और उसके तीन अन्य साथी भड़क गए। उन्होंने गुस्से में आकर कांस्टेबल के साथ बहस शुरू कर दी, उनका कॉलर पकड़ लिया, गाली-गलौज की और लात-घूसों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

इस पिटाई के दौरान पुलिस कर्मचारी संदीप सोनकांबले को पेट, हाथ और अंगूठे में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही बोरीवली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने गौरव शेलार को संदीप सोनकांबले की पिटाई करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फरार हुए तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com