spot_img
Homeमहाराष्ट्रअब डिजिटल होगी नगरसेवकों की मौजूदगी, आने-जाने का भी बनेगा रिकॉर्ड

अब डिजिटल होगी नगरसेवकों की मौजूदगी, आने-जाने का भी बनेगा रिकॉर्ड

मुंबई (सं.भा.) मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का ऐतिहासिक सभागार अब पूरी तरह हाईटेक और डिजिटल व्यवस्था से लैस होने जा रहा है। सदन की कार्यवाही में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन बढ़ाने के उद्देश्य से नगरसेवकों की उपस्थिति के लिए फेस रिकग्निशन (चेहरा पहचान) प्रणाली लागू की जाएगी। इस नई तकनीक के जरिए केवल हाजिरी ही नहीं, बल्कि नगरसेवक किस समय सदन में पहुंचे, कितनी देर तक मौजूद रहे, कार्यवाही के दौरान कितनी बार बाहर गए और उनकी वास्तविक भागीदारी कितनी रही, इसका पूरा डिजिटल रिकॉर्ड स्वतः तैयार होगा। साथ ही प्रत्येक नगरसेवक के भाषण का डिजिटल दस्तावेज भी उसी दिन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

बीएमसी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सदन नेता गणेश खणकर ने इस महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल की जानकारी देते हुए बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य सदन की कार्यवाही को पूरी तरह आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि फेस रिकग्निशन प्रणाली लागू होने के बाद केवल उपस्थिति दर्ज कराकर सदन से बाहर रहने या देर से आने जैसी प्रवृत्तियों पर स्वतः अंकुश लगेगा, क्योंकि प्रत्येक नगरसेवक की गतिविधि का समयवार रिकॉर्ड प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगा।

नई व्यवस्था के तहत सभागार में होने वाले प्रत्येक भाषण की डिजिटल रिकॉर्डिंग और दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। प्रस्तावित प्रणाली के अनुसार सदन की कार्यवाही समाप्त होने के उसी दिन संबंधित नगरसेवक को उसके पूरे भाषण की डिजिटल प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। इससे न केवल कार्यवाही का स्थायी रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, बल्कि भविष्य में संदर्भ और अध्ययन के लिए भी सामग्री आसानी से उपलब्ध होगी।

बीएमसी प्रशासन का मानना है कि डिजिटल तकनीक के इस व्यापक उपयोग से सदन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आधुनिक बनेगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी और नागरिकों के प्रति उनकी सक्रिय भागीदारी का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। यह पहल बीएमसी के प्रशासनिक आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com